लापरवाही: गुरुग्राम में पिलर के लिए खोदे गड्ढे में खेल रहा था बच्चा, चारों ओर की मिट्टी ढहने से बच्चे की मौत
गुरुग्राम के सेक्टर-46 में निर्माणाधीन मकान में पिलर के लिए खोदे गड्ढे में खेलते समय मिट्टी ढहने से एक बच्चे की दुखद मौत हो गई। मध्यप्रदेश के श्रमिक यहाँ काम कर रहे थे उनके बच्चे गड्ढे में खेल रहे थे तभी यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: सेक्टर-46 में एक निर्माणाधीन मकान में शनिवार दोपहर तीन बजे पिलर के लिए खोदे गए गड्ढे में श्रमिकों के दो बच्चे खेल रहे थे।
इसी दौरान गड्ढे के चारों ओर जाम मिट्टी उनके ऊपर ढह गई। इसमें दबने से एक बच्चे की मौत हो गई। दूसरे को हल्की चोटें आई थीं। फिलहाल वह ठीक है।
सेक्टर-50 थाना पुलिस ने बताया कि सेक्टर-46 में एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। यहां मध्यप्रदेश के रहने वाले कुछ श्रमिक और मिस्त्री काम कर रहे थे।
यहां मकान में पिलर बनाने के लिए गड्ढे खोदे गए थे और पास में ही मिट्टी जमा थी। इस दौरान श्रमिकों के तीन वर्षीय व एक वर्षीय दो बच्चे गड्ढे में खेल रहे थे।
पिलर के लिए खोदे गए गड्ढे की मिट्टी अचानक ढह गई और बच्चों के ऊपर आ गिरी। इसमें छोटा बच्चा पूरी तरह से दब गया और बड़ा तीन वर्षीय बच्चा मिट्टी के ऊपर निकल गया।
दोनों को सेक्टर-10 के नागरिक अस्पताल ले जाया गया। यहां एक वर्षीय अभिषेक की इलाज के दौरान मौत हो गई। सेक्टर 50 थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।