Gurugram: विकसित भारत संकल्प यात्रा-जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल हुए भाजपा अध्यक्ष नड्डा
विकसित भारत संकल्प यात्रा में शामिल होने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शनिवार को गुरुग्राम पहुंचे। वह गुरुग्राम-सोहना रोड स्थित घामड़ोज टोल प्लाजा के नजदीक से यात्रा में शामिल हुए। साथ ही गांव घामड़ोज में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में शरीक हुए। यहां पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संबोधन लाइव सुना। जेपी नड्डा ने केंद्र व प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। विकसित भारत संकल्प यात्रा में शामिल होने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शनिवार को गुरुग्राम पहुंचे। वह गुरुग्राम-सोहना रोड स्थित घामड़ोज टोल प्लाजा के नजदीक से यात्रा में शामिल हुए। साथ ही गांव घामड़ोज में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में शरीक हुए। यहां पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संबोधन लाइव सुना।
उनके साथ पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, स्थानीय सांसद व केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद नायब सिंह सैनी, भाजपा केंद्रीय संसदीय बोर्ड की सदस्य व पूर्व सांसद डा. सुधा यादव, विधायक संजय सिंह, पूर्व विधायक तेजपाल तंवर, पूर्व विधायक बिमला चौधरी एवं जिलाध्यक्ष गार्गी कक्कड़ सहित पार्टी के कई नेता मौजूद थे।
प्रधानमंत्री का संबोधन सुनने से पहले भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने केंद्र व प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार की अंत्योदय की भावना से क्रियान्वित योजनाओं की सराहना करते हुए आमजन को सरकारी सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
प्रदर्शनी लगाने वालों के साथ ही लाभार्थियों से उन्होंने संवाद किया। केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने विकसित भारत संकल्प यात्रा को जनसेवा के प्रति समर्पित यात्रा बताया। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया में अपनी विशिष्ट पहचान कायम कर रहा है। ग्रामीण स्तर से लेकर उच्च स्तर तक हर आमजन को योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से सरकार प्रभावी ढंग से आगे बढ़ रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 30 नवंबर को हरियाणा में विकसित भारत संकल्प यात्रा-जनसंवाद कार्यक्रम की शुरुआत की थी। उस समय 28 प्रचार वाहनों के माध्यम से पूरे प्रदेश में संकल्प यात्रा का आगाज हुआ था।
आज पूरे प्रदेश में 70 से अधिक प्रचार वाहन मोदी की गारंटी के साथ गांव-गांव में दस्तक देते हुए लोगों को सरकार की जनहितकारी योजनाओं व विकासात्मक उपलब्धियों से अवगत करा रहे हैं। इस यात्रा में लोगों को सीधे रूप से जोड़ते हुए उनकी समस्याओं का समाधान भी किया जा रहा है।
आत्मनिर्भर भारत बनाने की ली शपथ
जनसंवाद कार्यक्रम में उपस्थित सभी नेताओं, अधिकारियों व आम लोगों ने भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लेते हुए शपथ ली। सभी ने एक सुर से कहा कि भारत को 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के सपने को साकार करेंगे। गुलामी की मानसिकता को जड़ से उखाड़ फेकेंगे।
देश की समृद्ध विरासत पर गर्व करेंगे। भारत की एकता को सुदृढ़ करेंगे और देश की रक्षा करने वालों का सम्मान करेंगे। नागरिक होने का कर्तव्य निभाएंगे। कार्यक्रम में केंद्र व हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी उपलब्धियों पर आधारित शार्ट फिल्म का भी प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम में विकसित भारत संकल्प यात्रा के लिए प्रदेश के नोडल अधिकारी एवं भारत सरकार में अतिरिक्त सचिव आलोक कुमार, उपायुक्त निशांत कुमार यादव, अतिरिक्त उपायुक्त हितेश कुमार मीणा, सोहना के एसडीएम प्रदीप सिंह के अलावा यात्रा के प्रदेश संयोजक मनीष यादव, राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख संजय मयूख, प्रदेश प्रवक्ता सूरजपाल सिंह अम्मू, प्रदेश मीडिया सह प्रमुख अरविंद सैनी, निवर्तमान मेयर मधु आजाद, जिला परिषद की पूर्व चेयरमैन कल्याण सिंह चौहान, युवा नेता महेश चौहान, फिल्म अभिनेता राज चौहान, गांव घामड़ोज की सरपंच साधना रानी, भाजपा मंडल अध्यक्ष गौरव चुग, भोंडसी के पूर्व सरपंच संजय राघव, राजपूत महासभा के पूर्व अध्यक्ष जतनबीर राघव, सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति व क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।