सर्दियों की आमद से गुलजार गुरुग्राम के जलाशय, विदेशी परिंदे बना रहे यहां अपना ठिकाना
सर्दियों की शुरुआत के साथ ही गुरुग्राम के जलाशयों और आर्द्रभूमियों में हजारों किलोमीटर की उड़ान भरकर प्रवासी पक्षियों का ...और पढ़ें

गुरुग्राम के जलाशय पर पहुंच रहे विदेशी परिंदे ( फोटो स्रोत : जागरण )
HighLights
सर्दियों में गुरुग्राम के जलाशयों में प्रवासी पक्षियों का आगमन।
बार-हेडेड गूज, फ्लेमिंगो जैसे पक्षी हजारों किलोमीटर उड़कर पहुंचे।
सुल्तानपुर, नजफगढ़ वेटलैंड में पक्षियों की संख्या बढ़ी।
आदित्य राज, जागरण। सर्दियों की दस्तक के साथ ही जिले के जलाशयों और आर्द्रभूमियों में प्रवासी पक्षियों की चहचहाहट सुनाई देने लगी है। हजारों किलोमीटर की उड़ान भरकर पहुंचे ये परिंदे सुल्तानपुर राष्ट्रीय उद्यान से लेकर चंदू-बुढ़ेरा, साहिबी नदी क्षेत्र और नजफगढ़ वेटलैंड तक अपना अस्थायी बसेरा बना रहे हैं।
जिले के अलग-अलग जलाशयों में सैकड़ों बार-हेडेड गूज देखे जा चुके हैं। इनकी मौजूदगी ने प्रकृति प्रेमियों का उत्साह बढ़ा दिया है। सुल्तानपुर झील में कॉमन टील और नार्दर्न शावलर बड़ी संख्या में नजर आ रहे हैं।
हर जगह से पहुंच रहे हैं पक्षी
यहां कामन टील एवं नार्दर्न शावलर के हजारों पक्षियों की मौजूदगी दर्ज की गई है। इनके अलावा अन्य प्रजातियों के पक्षी भी झील और आसपास के क्षेत्र में पहुंच रहे हैं। नजफगढ़ वेटलैंड और साहिबी नदी क्षेत्र में भी काफी संख्या में फ्लेमिंगो देखे जाने की जानकारी है।
चंदू-बुढ़ेरा क्षेत्र में भी प्रवासी पक्षियों की चहल-पहल तेज हो गई है। चंदू यानी साहिबी बेसिन क्षेत्र में कुछ दिन पहले लगभग 500 बार-हेडेड गूज देखे गए थे। जलाशयों में उपलब्ध भोजन और अनुकूल वातावरण इन पक्षियों को यहां ठहरने के लिए आकर्षित करता है।
आने वाले दिनों और बढ़ेगी संख्या
सर्दी बढ़ने के साथ इनकी संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है। बार-हेडेड गूज को दुनिया के सबसे ऊंचाई पर उड़ान भरने वाले पक्षियों में गिना जाता है। ये मंगोलिया, तिब्बत और मध्य एशिया के ठंडे इलाकों से लंबी दूरी तय कर भारत पहुंचते हैं। हिमालय की ऊंची चोटियों के ऊपर से उड़ान भरने की इनकी क्षमता इन्हें खास बनाती है।
पर्यटनों के आगमन से भी बढ़ी जलाशयों की रौनक
प्रवासी पक्षियों की आगमन से सुल्तानपुर राष्ट्रीय उद्यान और आसपास की वेटलैंड में रौनक बढ़ गई है। पक्षियों को देखने के लिए प्रकृति प्रेमी भी इन क्षेत्रों का रुख कर रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में मौसम और ठंडा होने के साथ जिले के जलाशयों में प्रवासी पक्षियों की संख्या और बढ़ सकती है।
पक्षियों को देखने पहुंचे राजन कुमार, अमरेश वर्मा एवं राजेश सिंह कहते हैं कि बार-हेडेड गूज, फ्लेमिंगो और दूसरी प्रजातियों को यहां देखना सुखद अनुभव है। वे पक्षियों को देखने और उनके बारे में जानने के लिए आते हैं। लोगों को चाहिए कि जलाशयों और आसपास के प्राकृतिक क्षेत्र को साफ रखें।
सर्दियों में गुरुग्राम के जलाशय प्रवासी पक्षियों के लिए अनुकूल आवास बन जाते हैं। यहां उन्हें भोजन, पानी और ठहरने के लिए सुरक्षित जगह मिलती है। बार-हेडेड गूज जैसे पक्षी हजारों किलोमीटर की यात्रा कर यहां पहुंचते हैं और हिमालय की ऊंची चोटियों के ऊपर से उड़ान भरने की क्षमता रखते हैं।
सुल्तानपुर, साहिबी बेसिन और नजफगढ़ क्षेत्र में विभिन्न प्रजातियों की मौजूदगी जैव विविधता के लिहाज से अच्छी बात है। जलाशयों को स्वच्छ और सुरक्षित रखना जरूरी है, ताकि पक्षियों को अनुकूल वातावरण मिलता रहे।-- डा. सुभाष यादव, मुख्य वन संरक्षक
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम : 5 दशक के बाद भी बदहाल सोहना का अस्पताल, अब तक नहीं निकला कोई समाधान, मरीज भी परेशान
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।