विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

94% सरकारी मदद पर निर्भर स्थानीय निकाय, मनोहर लाल ने बताया हरियाणा की पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने का रास्ता

Published: Mon, 23 Nov 2026 05:06 PM (IST)

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि स्थानीय निकायों को आत्मनिर्भर बनने के लिए अपनी आय के स्रोत बढ़ाने होंगे, क्योंकि वे वर्तमान में 94 प्रतिशत सरकारी सहायता पर निर्भर हैं। 

केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल दो दिवसीय सम्मेलन में हुए सम्मिलित।

केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल दो दिवसीय सम्मेलन में हुए सम्मिलित।

HighLights

  1. स्थानीय निकाय 94% सरकारी मदद पर निर्भर हैं।

  2. मनोहर लाल ने आय स्रोत बढ़ाने पर जोर दिया।

  3. 25 तरह के उपयोगकर्ता शुल्क से आय बढ़ेगी।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि स्थानीय निकायों और पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अपनी आय के स्रोत बढ़ाने होंगे। वर्तमान में स्थानीय निकाय अपनी बजट संबंधी जरूरतों के लिए करीब 94 प्रतिशत राज्य वित्त आयोग और केंद्रीय वित्त आयोग से मिलने वाली सहायता पर निर्भर हैं।

स्थानीय स्तर पर अपने संसाधनों से केवल छह प्रतिशत जरूरत ही पूरी हो पा रही है। इस निर्भरता को कम करने के लिए निकायों को अपने स्तर पर आय बढ़ाने के नए रास्ते तलाशने होंगे। जब स्थानीय निकाय आर्थिक रूप से मजबूत होंगे, तभी विकास की गाड़ी तेजी से आगे बढ़ सकेगी।

विभिन्न पहलुओं पर मंथन किया जाएगा

मनोहर लाल सोमवार को गुरुग्राम में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन हरियाणा के लिए महत्वपूर्ण है। इसमें देशभर से आए जनप्रतिनिधि और विशेषज्ञ स्थानीय निकायों के अनुभव साझा करेंगे। दो दिन के इस आयोजन में एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने और स्थानीय शासन व्यवस्था को मजबूत बनाने के विभिन्न पहलुओं पर मंथन किया जाएगा।

स्थानीय निकायों से लोगों की अपेक्षाएं अधिक

उन्होंने कहा कि पंचायतों और स्थानीय निकायों से आम लोगों को बहुत अपेक्षाएं होती हैं। सड़क, पानी, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी काफी हद तक इन्हीं संस्थाओं की होती है। लोगों की अपेक्षा सरपंच और पार्षद से होती है।

यदि स्थानीय स्तर पर चुने गए प्रतिनिधि लोगों की उम्मीदों पर खरे नहीं उतरते तो लोकतंत्र की मूल भावना भी प्रभावित होती है। आज गांव से लेकर शहर तक जनप्रतिनिधि जनता के वोट से चुनकर आते हैं। ऐसे में उनकी जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। स्थानीय निकाय जितने मजबूत होंगे, उनसे लोगों की अपेक्षाएं भी उतनी ही बढ़ेंगी।

74वें संविधान संशोधन में तय हैं अधिकार और जिम्मेदारियां

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि संविधान के 74वें संशोधन में स्थानीय निकायों के अधिकार, जिम्मेदारियों और कार्यक्षेत्र को स्पष्ट किया गया है। इसमें बताया गया है कि स्थानीय निकायों को कौन-कौन से काम करने हैं और उन्हें किस तरह की जिम्मेदारियां निभानी हैं।

पंचायती राज और शहरी स्थानीय निकायों की व्यवस्था को मजबूत करने के लिए हरियाणा में भी कई सुधार किए गए हैं। इनमें महापौर का सीधा चुनाव भी शामिल है। उन्होंने कहा कि पंचायतों में पंच और सरपंच सहित सभी जनप्रतिनिधियों का शिक्षित होना भी जरूरी है, ताकि वे अपनी जिम्मेदारियों को बेहतर तरीके से समझ सकें।

manohar-laal-khattar1

25 तरह के उपयोगकर्ता शुल्क से बढ़ सकती है आय

मनोहर लाल ने कहा कि स्थानीय निकायों के पास अपनी आय बढ़ाने के कई विकल्प मौजूद हैं। निकाय करीब 25 तरह के उपयोगकर्ता शुल्क लगा सकते हैं। संपत्ति से होने वाली आय, अनुमति शुल्क, पंजीकरण शुल्क और किराये से मिलने वाले राजस्व को बढ़ाने की दिशा में काम किया जा सकता है।

गांवों में लगने वाले पशु मेलों पर शुल्क लगाने के साथ अन्य स्थानीय गतिविधियों से भी आय अर्जित की जा सकती है। पंचायतों की खाली जमीन को ठेके पर देकर राजस्व जुटाया जा सकता है। इसके अलावा पंचायत की जमीन पर मछली पालन जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देकर भी आय के नए स्रोत विकसित किए जा सकते हैं।

विदेशों में स्थानीय निकायों की अपनी आय अधिक

उन्होंने दूसरे देशों का उदाहरण देते हुए कहा कि ब्राजील में स्थानीय निकायों की कुल आय में करीब 40 प्रतिशत हिस्सा उनके अपने संसाधनों से आता है, जबकि 60 प्रतिशत आय केंद्र सरकार से मिलती है।

जर्मनी में भी स्थानीय स्तर पर अपनी आय का हिस्सा करीब 40 प्रतिशत है। भारत में भी स्थानीय निकायों को इसी दिशा में आगे बढ़ना होगा। केवल राज्य और केंद्र सरकार से मिलने वाली सहायता के भरोसे विकास कार्यों को गति नहीं दी जा सकती।

निकायों को अपने पैरों पर खड़ा होने की क्षमता विकसित करनी होगी। जब उनका अपना आर्थिक आधार मजबूत होगा, तभी वे बिना अतिरिक्त सहायता के भी स्थानीय जरूरतों को पूरा करने में सक्षम बन सकेंगे।

यह भी पढ़ें- हरियाणा की पंचायतों को मिलेंगे अधिकार और बजट, CM सैनी ने रोडमैप बताकर कहा- अपनी आय भी खुद बढ़ानी होगी

यह भी पढ़ें- अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में आज हरियाणा स्टेट डे का आयोजन, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे शिरकत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।