विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मानेसर में अवैध पीजी भवनों पर टाउन प्लानिंग विभाग का शिकंजा, तीन मालिकों को नोटिस

Published: Fri, 13 Nov 2026 12:23 AM (GMT+05:30)

मानेसर की अवैध कॉलोनियों में बिना अनुमति चल रहे पीजी भवनों पर टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने कार्रवाई शुरू ...और पढ़ें

मानेसर में अवैध पीजी भवनों पर टाउन प्लानिंग विभाग का शिकंजा ( एआई जेनरेटेड इमेज)

मानेसर में अवैध पीजी भवनों पर टाउन प्लानिंग विभाग का शिकंजा ( एआई जेनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. मानेसर में अवैध पीजी भवनों पर विभाग की कार्रवाई शुरू।

  2. तीन पीजी मालिकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।

  3. बिना अनुमति निर्माण और नियमों के उल्लंघन का आरोप।

आदित्य राज, गुरुग्राम। मानेसर में अवैध कॉलोनियों के भीतर बिना अनुमति चलाए जा रहे पीजी (पेइंग गेस्ट) भवनों के विरुद्ध टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

विभाग की एन्फोर्समेंट टीम ने गांव ग्वालियर में कटी अवैध कालोनी में पीजी के रूप में इस्तेमाल हो रहे तीन भवनों के मालिकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं।

सात दिन के अंदर पक्ष रखने का निर्देश

इन भवनों का निर्माण बिना विभागीय अनुमति के किया गया है। नोटिस में मालिकों को सात दिन के भीतर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए गए हैं।

बता दें कि इन पीजी भवनों को लेकर पिछले दिनों सीएम फ्लाइंग की टीम ने भी छापेमारी की थी। जांच के दौरान अनियमितताएं सामने आने के बाद सीएम फ्लाइंग की ओर से कार्रवाई के लिए टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग को सिफारिश भेजी गई थी।

अब विभाग की एन्फोर्समेंट टीम ने संबंधित जमीन मालिकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किए हैं। विभाग की ओर से हरियाणा शहरी क्षेत्र विकास एवं विनियमन अधिनियम, 1975 की धारा 10(2) के तहत ये नोटिस जारी किए गए हैं।

मालिकों को नियमों का पालन करने के निर्देश

नोटिस में कहा गया है कि संबंधित जमीन पर धारा तीन के तहत लाइसेंस लिए बिना निर्माण किया गया है। साथ ही अधिनियम की धारा 7(ii) का उल्लंघन किया गया है, जिसके तहत बिना लाइसेंस वाली कॉलोनी में किसी भी प्रकार का भवन निर्माण नहीं किया जा सकता।

नोटिस के अनुसार, इन भवनों के निर्माण के लिए टाउन एंड कंट्री प्लॉनिंग विभाग के महानिदेशक से कोई अनुमति या स्वीकृति नहीं ली गई थी। विभाग ने इसे नियमों का उल्लंघन मानते हुए जमीन मालिकों को आगे का निर्माण कार्य तुरंत रोकने और अधिनियम के प्रविधानों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।

औद्योगिक क्षेत्र के आसपास बढ़ रहे अवैध पीजी

मानेसर औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिकों और दूसरे राज्यों से आए लोगों की संख्या अधिक होने के कारण आसपास के क्षेत्रों में पीजी की मांग बढ़ी है। इसी का फायदा उठाकर अवैध कॉलोनियों में बड़ी संख्या में पीजी भवन बनाए जा रहे हैं।

इनमें से कई भवन बिना जरूरी विभागीय अनुमति और सुरक्षा मानकों की जांच के संचालित हो रहे हैं। विभाग की ओर से जारी किए गए नोटिसों को इसी तरह के अवैध निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा माना जा रहा है।


जमीन मालिकों को सात दिन के भीतर जिला नगर योजनाकार एन्फोर्समेंट कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने को कहा गया है। उन्हें साइट प्लान, रजिस्ट्री, जमाबंदी की नकल, खसरा गिरदावरी और कॉलोनी या निर्माण से संबंधित किसी भी लाइसेंस अथवा अनुमति के प्रमाणित दस्तावेज साथ लाने होंगे। यदि जमीन मालिक का जवाब संतोषजनक नहीं मिलता तो प्रविधानों के अनुरूप जमीन का उपयोग सुनिश्चित करने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।--अमित मधोलिया, डीटीपीई, टाउन प्लानिंग

यह भी पढ़ें- वजीराबाद मेडिकल स्टोर संचालक भगोड़ा घोषित, प्रतिबंधित दवाओं के मामले में संपत्ति होगी कुर्क


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।