वजीराबाद मेडिकल स्टोर संचालक भगोड़ा घोषित, प्रतिबंधित दवाओं के मामले में संपत्ति होगी कुर्क
वजीराबाद गांव के जय शीतला मेडिकल स्टोर के संचालक दिनेश चंद यादव को प्रतिबंधित नशीली दवाएं बरामद होने के मामले ...और पढ़ें

वजीराबाद मेडिकल स्टोर संचालक भगोड़ा घोषित ( एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
मेडिकल स्टोर संचालक दिनेश चंद यादव भगोड़ा घोषित।
प्रतिबंधित नशीली दवाएं बरामदगी का है आठ साल पुराना मामला।
अदालत ने आरोपित की संपत्ति कुर्क करने के दिए निर्देश।
आदित्य राज, बादशाहपुर। वजीराबाद गांव स्थित जय शीतला मेडिकल एंड जनरल स्टोर से प्रतिबंधित नशीली दवाएं बरामद होने के मामले में अदालत ने संचालक दिनेश चंद यादव को भगोड़ा घोषित कर दिया है।
करीब आठ साल पुराने इस मामले में आरोपित लंबे समय से फरार है। अदालत ने उसकी संपत्ति की सूची तैयार कर पेश करने का निर्देश दिया है, ताकि सीआरपीसी की धारा 83 के तहत कुर्की की कार्रवाई की जा सके।
भारी मात्रा में बरामद नशीले दवाएं
ड्रग्स कंट्रोलर विभाग ने वर्ष 2018 में स्टोर पर छापा मारा था। इस दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं मिली थीं। विभाग की शिकायत पर मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू हुई। सुनवाई के दौरान दिनेश चंद्र यादव अदालत में पेश नहीं हुआ।
21 अगस्त को उसके खिलाफ जारी उद्घोषणा की तामील हुई थी। निर्धारित अवधि बीतने के बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रजत वर्मा की अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया। सात नवंबर को हुई सुनवाई में कोई गवाह पेश नहीं हुआ।
अब आगे बढ़ेगी कुर्की की प्रक्रिया
अदालत ने ड्रग्स कंट्रोलर को 11 दिसंबर के लिए दोबारा समन जारी करने का निर्देश दिया। साथ ही जांच अधिकारी से आरोपित की संपत्ति की सूची अगली सुनवाई पर पेश करने को कहा, ताकि कुर्की की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।