गुरुग्राम में पकड़े गए बांग्लादेशी घुसपैठिए, फर्जी कागजातों से बन बैठे थे भारतीय नागरिक
गुरुग्राम में एटीएस ने 14 बांग्लादेशी घुसपैठियों को गिरफ्तार किया है, जो वर्षों से फर्जी भारतीय पहचान पत्रों जैसे वोटर ...और पढ़ें

गुरुग्राम में पकड़े गए बांग्लादेशी घुसपैठिए, फर्जी कागजातों से बन बैठे थे भारतीय नागरिक ( एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
गुरुग्राम में 14 बांग्लादेशी घुसपैठिए फर्जी कागजातों संग गिरफ्तार।
वोटर आईडी, आधार, पासपोर्ट जैसे भारतीय दस्तावेज पाए गए।
कुछ ने हिंदू नाम से आधार कार्ड भी बनवाए थे।
विनय त्रिवेदी, गुरुग्राम। गुरुग्राम में वर्षों से चुपचाप श्रमिक का काम रहे बांग्लादेशी सिर्फ अवैध घुसपैठिए नहीं थे, वो तो कागजों में पक्के भारतीय तक बन चुके थे। किसी के पास वोटर आईडी थी, किसी के पास पासपोर्ट, तो किसी ने हिंदू नाम से आधार कार्ड तक बनवा रखा था।
एटीएस ने जब छह नवंबर को सेक्टर-65, सेक्टर-84 और मानेसर की झुग्गियों से 14 लोगों को उठाया, तो जांच में ऐसी-ऐसी परतें खुलीं कि अधिकारी भी हैरान रह गए।
पूछताछ में सामने आया कई सच
सभी को मानेसर के डिटेंशन सेंटर में भेजा गया है। एटीएस अधिकारियों के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि कोई पांच-छह महीने पहले आया था, तो कोई 10-15 साल से यहीं डेरा जमाए बैठा था।
एक व्यक्ति पूरे 19 साल से गुरुग्राम की गलियों में इस तरह घुल-मिल गया था कि किसी को भनक तक नहीं लगी। बांग्लोदशी निर्माणाधीन साइटों पर श्रमिक का काम करते थे और परिवार के साथ झुग्गी में रह रहे थे। पूछताछ में सबसे बड़ा नाम सामने आया अनवर हुसैन का।
ये शख्स 19 साल पहले 2007 में दलालों के जरिए सीमा पार करके भारत में घुसा था। फिर धीरे-धीरे उसने वो सब कुछ हासिल कर लिया, जो एक भारतीय नागरिक के पास होता है। वोटर आईडी, आधार कार्ड, पासपोर्ट व अन्य कागजात।
हिंदू नाम से आधार
दूसरा चौंकाने वाला नाम है राजू आलम का। इसने फर्जीवाड़े को एक कदम और आगे बढ़ा दिया। फर्जी कागजातों पर हिंदू नाम से आधार कार्ड बनवा लिया, ताकि कहीं भी पूछताछ हो, तो शक की कोई गुंजाइश ही न बचे। जांच में पता चला कि पकड़े गए 14 में से पांच लोग 10 से 15 साल पहले भारत आए थे।
पहले बंगाल के सीमावर्ती इलाकों में रुके। वहीं के पते पर फर्जी आधार कार्ड बनवाए। फिर काम की तलाश में गुरुग्राम के बाहरी इलाकों में आकर बस गए। यानी बंगाल से गुरुग्राम तक फर्जी पहचान का पूरा रूट बना हुआ था।
फर्जी कागजात बनाने वालों पर कसेगा शिकंजा
एटीएस गुरुग्राम, एसओजी नूंह, एसओजी रोहतक की संयुक्त टीम ने इस अभियान को अंजाम दिया था। पकड़े गए सभी 14 लोगों के पास से बांग्लादेश के पहचान पत्र भी मिले थे। अब जांच की सुई उन लोगों पर घूम रही है, जिन्होंने इनके कागजात बनवाए। दलाल कौन थे, आधार-पासपोर्ट बनवाने में मदद किसने की। इन सवालों के जवाब के लिए टीम कड़ियां जोड़ रही है।
उन पर भी केस दर्ज होगा। पकड़े गए लोगों की पहचान मो. लुतफोर रहमान, मो. राजू मियां, साकिब हुसैन, मो. तारेकुल इस्लाम, इलियास अली, फेरुज इस्लाम, अनारुल हक, साकिब राणा, गुलाम रब्बानी, ज्वेल राणा, अनवर हुसैन, आरिफुल उर्फ अलाउद्दीन, मसूद राणा तथा राजू आलम के रूप में हुई है। सभी को मानेसर डिटेंशन सेंटर में रखा गया है।
एक साल में सौ से ज्यादा पकड़े गए बांग्लादेशी
एक रिकॉर्ड के अनुसार गुरुग्राम और आसपास में 2000 से ज्यादा बांग्लादेशी-रोहिंग्या रह रहे हैं। इस साल पुलिस 100 बांग्लादेशियों को पकड़ चुकी है, अकेले एक हफ्ते में 30 पकड़े गए हैं। इन्हें जल्द वापस भेजा जाएगा। एटीएस का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।