विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

 SIR में छूटे पात्र मतदाताओं को वापस मतदाता सूची में शामिल कराएंगे राजनीतिक दल, पूरा रोडमैप तैयार 

Published: Thu, 12 Nov 2026 11:57 PM (IST)

गुरुग्राम में राजनीतिक दल विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में छूटे हुए पात्र मतदाताओं की पहचान करने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

गुरुग्राम में एसआईआर अभियान ( एआई जेनरेटेड इमेज)

गुरुग्राम में एसआईआर अभियान ( एआई जेनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. राजनीतिक दल एसआईआर अभियान में छूटे मतदाताओं को तलाशेंगे।

  2. बीएलए नागरिकों को मतदाता पंजीकरण प्रपत्र जमा करने में मदद करेंगे।

  3. गुरुग्राम की अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर तक प्रकाशित होगी।

आदित्य राज, गुरुग्राम। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची से छूट गए पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने के लिए अब राजनीतिक दल भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

बूथ स्तर पर तैनात उनके बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) ऐसे मतदाताओं की पहचान कर उन्हें गणना प्रपत्र जमा कराने के लिए जागरूक करेंगे।

विभिन्न प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक

इस संबंध में बुधवार को लघु सचिवालय में उपायुक्त व जिला निर्वाचन अधिकारी उत्तम सिंह ने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सहयोग मांगा।

उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शामिल होना जरूरी है। निर्वाचन आयोग ने उन मतदाताओं को एक और अवसर देने का निर्णय लिया है, जिनके गणना प्रपत्र वापस नहीं मिलने अथवा अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और दोहरे (एएसडीडी) के रूप में चिह्नित होने के कारण नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए थे। राजनीतिक दल अपने बीएलए के माध्यम से ऐसे लोगों तक पहुंचें और उन्हें प्रक्रिया पूरी करने में मदद करें।

15.55 लाख को बांटे प्रपत्र, 11 लाख ने ही लौटाए

उत्तम सिंह ने बताया कि जिले में 15 जून से 24 जुलाई तक 15,55,034 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए गए थे। इनमें से 11,01,955 ने ही प्रपत्र वापस जमा करवाए। अब शेष पात्र मतदाताओं को भी अंतिम सूची में नाम शामिल कराने का मौका मिलेगा।

ऐसे मतदाताओं की मतदान केंद्रवार सूची नोटिस बोर्ड, ईआरओ, एईआरओ और शहरी निकाय कार्यालयों में प्रदर्शित की जाएगी। सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा की वेबसाइट पर भी उपलब्ध होगी।

20 नवंबर तक पूरी होगी प्रक्रिया, बीएलओ से भी ले सकेंगे मदद

मतदाता पुराने ईपीआइसी नंबर से निर्वाचन आयोग की वेबसाइट या ईसीआइनेट एप के माध्यम से गणना प्रपत्र डाउनलोड कर सकते हैं। निवास स्थान नहीं बदलने वालों को अनुलग्नक-बी और हरियाणा में दूसरे स्थान पर स्थानांतरित होने वालों को नए पते के विवरण के साथ अनुलग्नक-सी जमा करना होगा।

एसआईआर के तहत नए पंजीकरण के लिए पहले ही फार्म-6 जमा कराने वालों को दोबारा प्रपत्र देने की जरूरत नहीं है। नोटिस, दावे-आपत्तियों और फोटो अपडेट सहित सभी कार्य 20 नवंबर तक पूरे किए जाएंगे। अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर को प्रकाशित होगी।

बैठक में एसडीएम संजीव सिंगला, दिनेश लुहाच, हितेंद्र कुमार, सीटीएम ज्योति नागपाल सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में प्रदूषण का कहर, बच्चे-बुजुर्गों की सेहत पर भारी असर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।