भारत मंडपम में चार दिन तक होगा ग्रीन हाइड्रोजन से सौर ऊर्जा तक पर मंथन, 130 से अधिक देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल
भारत मंडपम में 2 से 5 नवंबर तक भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो, अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन की नौवीं सभा और चौथा अंतर्राष्ट्रीय ग्रीन हाइड्रोजन सम्मेलन आयोजित होगा।

दिल्ली स्थित भारत मंडपम में अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन (आईएसए) की नौवीं सभा और चौथा अंतरराष्ट्रीय ग्रीन हाइड्रोजन सम्मेलन भी होगा।
HighLights
भारत मंडपम में 2-5 नवंबर को स्वच्छ ऊर्जा सम्मेलन।
ग्रीन हाइड्रोजन, सौर ऊर्जा पर होगा गहन विचार-विमर्श।
130 से अधिक देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल।
आदित्य राज, गुरुग्राम। स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में निवेश, तकनीक और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने के लिए भारत मंडपम में दो से पांच नवंबर तक भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो (बीआरईएसई) आयोजित होगा। इसके साथ अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन (आईएसए) की नौवीं सभा और चौथा अंतरराष्ट्रीय ग्रीन हाइड्रोजन सम्मेलन भी होगा। इस बार देश के कई राज्यों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। आयोजन की थीम ‘निवेश, नवाचार और प्रेरणा’ रखी गई है।
हरित वित्तपोषण पर सत्र प्रस्तावित
आयोजन में ग्रीन हाइड्रोजन को अलग से प्रमुखता मिलेगी। चर्चा में हाइड्रोजन के उत्पादन, उसके उपयोग और उससे जुड़े वैश्विक पारिस्थितिकी तंत्र पर विचार होगा। इसके साथ सौर और पवन ऊर्जा, हाइब्रिड ऊर्जा प्रणालियों, ऊर्जा भंडारण, ग्रिड से नवीकरणीय ऊर्जा के बेहतर एकीकरण और हरित वित्तपोषण पर सत्र प्रस्तावित हैं।
शोधकर्ताओं और कंपनियों आएंगे एक मंच पर
स्वच्छ ऊर्जा के उपकरणों का घरेलू विनिर्माण, जैव ऊर्जा, विकेंद्रित नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल तकनीक और ऊर्जा क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता भी चर्चा के विषय होंगे। सम्मेलन में तकनीकी सत्रों, नीतिगत चर्चाओं और उद्योग जगत की गोलमेज बैठकों के जरिए सरकारों, निवेशकों, शोधकर्ताओं और कंपनियों को एक मंच पर लाने की योजना है। आयोजन का उद्देश्य निवेश और तकनीक के आदान-प्रदान के साथ परियोजनाओं और साझेदारियों को आगे बढ़ाना है।
राज्यों को निवेश और साझेदारी का मंच
20 से अधिक राज्य सरकारों की भागीदारी से राज्यों को अपनी नवीकरणीय ऊर्जा नीतियां, परियोजनाएं और निवेश अवसर अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के सामने रखने का अवसर मिलेगा। तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु जैसे राज्यों ने सम्मेलन में अपनी स्वच्छ ऊर्जा क्षमता और निवेश योजनाएं प्रदर्शित करने में रुचि जताई है। ऊर्जा भंडारण, इलेक्ट्रोलाइजर, ग्रीन हाइड्रोजन, सौर विनिर्माण और ग्रिड तकनीक जैसे क्षेत्रों में साझेदारी के अवसर भी सामने रखे जाएंगे।
400 से अधिक लगेंगी प्रदर्शनी
चार दिनों में 80 से अधिक सत्र और 500 से अधिक वक्ताओं का कार्यक्रम प्रस्तावित है। 400 से अधिक प्रदर्शनी में स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र की तकनीक, विनिर्माण और परियोजनाएं दिखाई जाएंगी। इस तरह एक ही परिसर में आइएसए की सदस्य देशों वाली सभा, ग्रीन हाइड्रोजन सम्मेलन और व्यापक नवीकरणीय ऊर्जा प्रदर्शनी का आयोजन होगा। इस बार सम्मेलन में 130 से अधिक देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
