विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में पानी की पाइपलाइन फटने से चौतरफा पानी-पानी, बने बाढ़ जैसे हालात, लोग परेशान

Published: Tue, 24 Nov 2026 12:29 AM (IST)

गुरुग्राम के सेक्टर-69 में एचएसवीपी की मुख्य वाटर सप्लाई लाइन क्षतिग्रस्त होने से बिना बारिश के सड़कों पर जलभराव हो रहा है। हजारों निवासी परेशान हैं और स्थायी समाधान व जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं।

गुरुग्राम में बिना बारिश बाढ़ जैसे हालात पानी की पाइपलाइन फटने से जलभराव ( फोटो स्रोत : जागरण)

गुरुग्राम में बिना बारिश बाढ़ जैसे हालात पानी की पाइपलाइन फटने से जलभराव ( फोटो स्रोत : जागरण)

HighLights

  1. सेक्टर-69 में एचएसवीपी की मुख्य वाटर सप्लाई लाइन क्षतिग्रस्त हुई।

  2. बिना वर्षा सड़कों पर जलभराव, आवागमन में भारी बाधा।

  3. स्थायी समाधान, जवाबदेही तय करने की स्थानीय निवासियों की मांग।

आदित्य राज, गुरुग्राम। गुरुग्राम में जलभराव के लिए अब वर्षा का इंतजार करना जरूरी नहीं रह गया है। कहीं सीवर ओवरफ्लो हो रहा है, तो कहीं पानी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होकर सड़कों पर पानी बहा रही है।

सेक्टर-69 और आसपास के क्षेत्रों में एचएसवीपी की मुख्य वाटर सप्लाई लाइन क्षतिग्रस्त होने से रविवार को पानी की आपूर्ति प्रभावित रही। लाइन किस कारण और कैसे क्षतिग्रस्त हुई, इसकी जांच की जा रही है। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि आखिर शहर की पाइपलाइनों की सुरक्षा और रखरखाव की जिम्मेदारी किसकी है?

क्षेत्र में यह समस्या नई नहीं है। कभी किसी सोसायटी की वाटर सप्लाई लाइन क्षतिग्रस्त हो जाती है, तो कभी एचएसवीपी की मुख्य पाइपलाइन जवाब दे जाती है।

नहीं तय हो रही अधिकरियों की जवाबदेही..

हैरानी की बात यह है कि अधिकांश मामलों में पाइपलाइन टूटने के वास्तविक कारण सार्वजनिक नहीं किए जाते और न ही जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होती दिखाई देती है।

इसका खामियाजा सेक्टर-69 और आसपास की करीब 10 सोसायटियों के हजारों निवासियों तथा स्थानीय ग्रामीणों को भुगतना पड़ता है। पाइपलाइन से बहने वाला पानी सड़कों पर जमा होकर आवागमन में भी बाधा पैदा करता है।

स्थानीय निवासी इंजीनियर आरके जायसवाल का कहना है कि सड़क पर जमा गंदा पानी देखकर ऐसा लगता है मानो बिना वर्षा के ही बाढ़ आ गई हो। स्थानीय निवासी, राहगीर और वाहन चालक सभी परेशान हैं। बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।

उनका कहना है कि केवल पाइपलाइन की मरम्मत कर पानी की आपूर्ति बहाल कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह भी पता लगाना जरूरी है कि लाइन बार-बार क्षतिग्रस्त क्यों हो रही है।

जांच के साथ जवाबदेही और स्थायी समाधान की मांग

क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के वास्तविक कारणों की जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। बार-बार होने वाली टूट-फूट रोकने के लिए स्थायी व्यवस्था बनाई जाए। साथ ही उचित ड्रेनेज व्यवस्था विकसित कर जलभराव से राहत दिलाई जाए।

संबंधित विभागों को जिम्मेदारी तय करनी चाहिए, ताकि लोगों को हर बार पाइपलाइन टूटने पर पानी की किल्लत और सड़कों पर जलभराव की दोहरी मार न झेलनी पड़े।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, शिवाजी नगर थाने में एडिशनल SHO को किया गिरफ्तार 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।