गुरुग्राम में रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, शिवाजी नगर थाने में एडिशनल SHO को किया गिरफ्तार
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने गुरुग्राम के शिवाजी नगर थाने के एडिशनल एसएचओ नरपाल सिंह को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।
-1795458465219_m.webp)
गुरुग्राम एसीबी ने शिवाजी नगर थाने के एडिशनल एसएचओ को रिश्वत लेते पकड़ा ( फोटो स्रोत : जागरण )
HighLights
एडिशनल एसएचओ नरपाल सिंह को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया।
गुरुग्राम के शिवाजी नगर थाने में हुई यह भ्रष्टाचार विरोधी कार्रवाई।
आपराधिक मामला दर्ज न करने के लिए शिकायतकर्ता से मांगी थी रिश्वत।
विनय त्रिवेदी, गुरुग्राम। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम के शिवाजी नगर थाने में तैनात एडिशनल एसएचओ सब इंस्पेक्टर नरपाल सिंह को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।
आरोपित पुलिस अधिकारी के खिलाफ रविवार को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत थाना एसीबी गुरुग्राम में केस दर्ज किया गया।
पैसे के लेनदेन मामले में की थी शिकायत..
जानकारी के अनुसार, बंगाल के उत्तर दिनाजपुर निवासी शिकायतकर्ता वर्तमान में गुरुग्राम की ईएमएएआर प्लम हिल्स सोसायटी में किराये पर रह रहा है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, भूपेंद्र नाम के व्यक्ति ने उसके खिलाफ शिवाजी नगर थाने में पैसे के लेनदेन से संबंधित मामले में शिकायत दी थी।
इसमें कई अन्य आरोपित भी थे। शिकायत का निपटारा करने तथा उसके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज न करने के एवज में आरोपित सब इंस्पेक्टर नरपाल सिंह ने उससे दो लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। बातचीत के बाद रिश्वत की राशि 60 हजार रुपये तय हुई।
आगे की जांच जारी है
इसके बाद शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी एसीबी को दी। एसीबी की टीम ने जाल बिछाया। शिकायतकर्ता को 30 हजार रुपये देकर थाने भेजा गया।
जैसे ही पुलिसकर्मी ने रुपये लिए, उसी दौरान एसीबी की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपित सब इंस्पेक्टर नरपाल सिंह को 30 हजार रुपये के साथ गिरफ्तार कर लिया। एसीबी ने बताया कि मामले में आगे जांच की जा रही है।