विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम प्रदूषण नियंत्रण में पिछड़ा, बंधवाड़ी लैंडफिल पर कचरे का अंबार

Published: Mon, 23 Nov 2026 11:05 PM (IST)

गुरुग्राम में प्रदूषण नियंत्रण के प्रयास धीमी गति से चल रहे हैं, जिसमें बंधवाड़ी लैंडफिल पर पुराने कचरे के निस्तारण का लक्ष्य केवल 48% पूरा हुआ है।  

गुरुग्राम प्रदूषण नियंत्रण में पिछड़ा ( फोटो स्रोत : जागरण )

गुरुग्राम प्रदूषण नियंत्रण में पिछड़ा ( फोटो स्रोत : जागरण )

HighLights

  1. बंधवाड़ी लैंडफिल पर पुराने कचरे का निस्तारण धीमा।

  2. 7.75 लाख मीट्रिक टन कचरा अभी भी लंबित।

  3. निर्माण अपशिष्ट, सड़क धूल भी प्रदूषण के कारण।

आदित्य राज, गुरुग्राम। गुरुग्राम में प्रदूषण का स्तर बढ़ने पर निर्माण स्थलों पर कार्रवाई, सड़कों की सफाई और पानी का छिड़काव कराकर नियंत्रण के प्रयास किए जाते हैं। लेकिन, प्रदूषण के स्थायी कारणों को खत्म करने की रफ्तार धीमी है।

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) की स्टेट एक्शन प्लान-2026 की रिपोर्ट कार्ड में गुरुग्राम से जुड़ी पर्यावरणीय चुनौतियां सामने आई हैं। सबसे गंभीर स्थिति बंधवाड़ी लैंडफिल साइट की है, जहां पुराने कचरे के निस्तारण का वार्षिक लक्ष्य केवल 48 प्रतिशत पूरा हो पाया है।

प्रदूषण केवल निर्माण गतिविधियों से नहीं..

15 लाख मीट्रिक टन कचरे के निस्तारण के लक्ष्य के मुकाबले 31 अक्टूबर तक 7.25 लाख मीट्रिक टन कचरे का ही निस्तारण हुआ। यानी 7.75 लाख मीट्रिक टन पुराना कचरा अभी भी निस्तारण की प्रतीक्षा में है।

रिपोर्ट के आंकड़े बताते हैं कि गुरुग्राम में प्रदूषण नियंत्रण की चुनौती केवल वाहनों और निर्माण गतिविधियों तक सीमित नहीं है। पुराने कचरे का पहाड़, निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट का वैज्ञानिक निस्तारण, टूटी सड़कों से उड़ती धूल और पर्याप्त सफाई मशीनों की कमी भी समस्या को बढ़ा रही है।

इसका असर गुरुग्राम जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहरों की प्रदूषण नियंत्रण व्यवस्था पर भी पड़ता है। प्रदूषण नियंत्रण की सबसे बड़ी चुनौती बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर जमा पुराने कचरे का निस्तारण है।

कचरा निस्तारण की प्रक्रिया जारी..

यहां वर्ष 2026 के लिए 15 लाख मीट्रिक टन पुराने कचरे के निस्तारण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। 31 अक्टूबर तक केवल 7.25 लाख मीट्रिक टन कचरे का निस्तारण हुआ। यानी लक्ष्य का 48 प्रतिशत ही पूरा हो सका।

निर्धारित लक्ष्य तक पहुंचने के लिए अभी 7.75 लाख मीट्रिक टन कचरे का निस्तारण करना बाकी है। पुराने कचरे के ढेर से निकलने वाली दुर्गंध, मीथेन गैस और आसपास के पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभाव को देखते हुए यह केवल कचरा प्रबंधन का मामला नहीं, बल्कि शहर के पर्यावरण और जनस्वास्थ्य से जुड़ी चुनौती भी है।

नगर निगम की ओर से बायोमाइनिंग और कचरा निस्तारण की प्रक्रिया चल रही है। लेकिन, रिपोर्ट में दर्ज प्रगति बताती है कि लक्ष्य हासिल करने के लिए काम की गति बढ़ानी होगी। गुरुग्राम में तेजी से हो रहे निर्माण कार्यों के कारण निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट लगातार निकलता है।

सड़कों के किनारे, खाली प्लाटों और खुले स्थानों पर निर्माण सामग्री तथा मलबा जमा होने से धूल उड़ती है। इसके नियंत्रण के लिए निर्माण अपशिष्ट का समय पर उठान और वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण जरूरी है।

टूटी सड़कों और धूल पर नियंत्रण के लिए मशीनों की कमी

शहर की सड़कों से उड़ने वाली धूल वायु प्रदूषण का बड़ा कारण है। गुरुग्राम में कई प्रमुख सड़कों पर गड्ढे, उखड़ी सड़कें और खुले किनारों पर जमा मिट्टी दिनभर धूल उड़ने का कारण बनती है।

ऐसे में गुरुग्राम में सड़क सफाई के लिए मशीनों की उपलब्धता, उनके नियमित संचालन और धूल उठाने की व्यवस्था का प्रभावी होना जरूरी है। केवल पानी का छिड़काव करने से सड़क पर जमा महीन धूल का स्थायी समाधान नहीं हो सकता।

कचरा प्रसंस्करण की क्षमता बढ़ाने की जरूरत

शहर में प्रतिदिन निकलने वाले कचरे का समय पर उठान और वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण नहीं होने पर खुले स्थानों और कचरा स्थलों पर दबाव बढ़ता है। गुरुग्राम में घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे के साथ पुराने कचरे के निस्तारण की चुनौती भी मौजूद है।

ऐसे में केवल डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को मजबूत करना पर्याप्त नहीं होगा। कचरे का पृथक्करण, प्रसंस्करण और अंतिम निस्तारण भी उसी गति से बढ़ाना होगा। गुरुग्राम के औद्योगिक क्षेत्रों में प्रदूषण नियंत्रण के लिए नियमित निरीक्षण और उत्सर्जन की निगरानी महत्वपूर्ण है।

यह भी पढ़ें- कानपुर में भाजपा उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य बोले, कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी, सपा का अपराधियों से गठजोड़

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।