गुरुग्राम की वाटिका एक्सप्रेशंस में दो JCB लेकर पहुंचे लोग, तोड़ दी सोसायटी की बाउंड्री वॉल; सड़क पर उतरे निवासी
गुरुग्राम की वाटिका एक्सप्रेशंस सोसायटी में 6 दिसंबर की रात दो जेसीबी से चारदीवारी तोड़ने और पथराव के विरोध में ...और पढ़ें

सेक्टर-88 स्थित वाटिका एक्सप्रेशंस सोसायटी में विरोध प्रदर्शन करते हुए लोग। सौ. स्थानीय
HighLights
वाटिका एक्सप्रेशंस सोसायटी की चारदीवारी जेसीबी से तोड़ी गई।
निवासियों ने पथराव और असुरक्षा के माहौल का आरोप लगाया।
फोर-एस कंपनी ने अपनी भूमि पर दीवार होने का दावा किया।
जागरण संवाददाता, नया गुरुग्राम। सेक्टर-88 स्थित वाटिका एक्सप्रेशंस सोसायटी में चारदीवारी तोड़ने, पथराव की घटना के विरोध में बुधवार को निवासियों ने प्रदर्शन किया। आरोप है कि छह दिसंबर की रात दो जेसीबी मशीनों के साथ पहुंचे कुछ लोगों ने सोसायटी के साथ लगती दीवार तोड़ दी। विरोध करने वाले पर लोगों ने निवासियों और सुरक्षा कर्मचारियों पर पथराव किया।
घटना के बाद से सोसायटी में असुरक्षा का माहौल
निवासियों ने इस घटना में फोर-एस (नीम सिक्योर प्राइवेट लिमिटेड) से जुड़े कुछ लोगों पर संलिप्तता का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री, पुलिस और जिला प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि घटना के बाद से सोसायटी में असुरक्षा का माहौल है।
दीपावली का त्योहार भी परिवारों ने डर के साये में मनाया और उत्सव का उल्लास प्रभावित हुआ। निवासियों ने हाथों में तख्तियां लेकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग उठाई।
उनका कहना है कि घटना के दौरान स्थिति इतनी गंभीर हो गई थी कि मौके पर कई पुलिस पीसीआर और पुलिसकर्मियों को तैनात करना पड़ा। उन्होंने हवाई फायरिंग का भी आरोप लगाया।
ये हैं प्रमुख मांगें
सोसायटी निवासी कैलाश बार्थवाल, हकीकत राणा व अन्य निवासियों ने घटना में शामिल लोगों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज करने, बिल्डर कंपनी का लाइसेंस रद करने, एनजीटी से अनुमति लेकर पुलिस सुरक्षा में टूटी हुई चारदीवारी का पुनर्निर्माण करने, सोसायटी के 12 मीटर रेलवे साइड गेट और 24 मीटर रोड गेट के रास्ते में लगाए गए अवरोधों को हटाने की मांग की है।
निवासियों ने कहा कि यह केवल दीवार तोड़ने का मामला नहीं, बल्कि महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। निवासियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा।
200 फीट लंबी बाउंड्री वाल कंपनी की भूमि के हिस्से में निर्मित
इस विवाद को लेकर फोर-एस कंपनी के प्रतिनिधि राघव कौशिक ने कहा कि कंपनी का दावा लिखित और सत्यापित दस्तावेजों पर आधारित है। कंपनी ने 10.075 एकड़ भूमि वाटिका लिमिटेड से 18 मार्च 2025 को खरीदी थी और पूरा भुगतान किया।
19 मई 2026 की एनओसी एफिडेविट में वाटिका ने प्रोजेक्ट तक पहुंच के लिए टाउनशिप के आंतरिक सड़क नेटवर्क के उपयोग की सहमति दी है। साथ ही आवंटियों के शांतिपूर्ण प्रवेश-निकास में बाधा न डालने का अंडरटेकिंग भी दिया है।
200 फीट लंबी बाउंड्री वाल कंपनी की भूमि के हिस्से में निर्मित है। निवासियों को शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार का सम्मान है, लेकिन फैसला दस्तावेजों और तथ्यों के आधार पर होना चाहिए। कंपनी ने भी पुलिस अधिकारियों को सारे कागजात सौंपे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।