गुरुग्राम में वाटिका एक्सप्रेशंस में फायरिंग के खिलाफ लोगों का प्रदर्शन, सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की उठाई मांग
सेक्टर-88 स्थित वाटिका एक्सप्रेशंस सोसायटी के निवासियों ने चारदीवारी तोड़ने, पथराव और हवाई फायरिंग की कथित घटना के विरोध में ...और पढ़ें

गुरुग्राम में वाटिका एक्सप्रेशंस में चारदीवारी तोड़ने और फायरिंग के खिलाफ लोगों का प्रदर्शन ( एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
सोसायटी की चारदीवारी तोड़ने, पथराव, हवाई फायरिंग का आरोप।
100 से अधिक निवासियों ने घटना के विरोध में प्रदर्शन किया।
दोषियों पर एफआईआर, 4एस लाइसेंस रद्द करने की मांग।
आदित्य राज, नया गुरुग्राम। सेक्टर-88 स्थित वाटिका एक्सप्रेशंस सोसायटी में चारदीवारी तोड़ने, पथराव और हवाई फायरिंग की कथित घटना के विरोध में बुधवार को 100 से अधिक निवासियों ने प्रदर्शन किया।
निवासियों का आरोप है कि छह और सात नवंबर की दरमियानी रात करीब एक बजे दो जेसीबी मशीनों के साथ पहुंचे लोगों ने सोसायटी की चारदीवारी जबरन तोड़ दी।
सुरक्षा कर्मचारियों पर किया गया पथराव
इस दौरान लाठी-डंडों, लोहे की रोड़ और हथियारों से लैस लोगों ने विरोध करने वाले निवासियों और सुरक्षा कर्मचारियों पर पथराव किया तथा हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने का प्रयास किया।
निवासियों ने इस घटना में 4एस (नीम सिक्योर प्राइवेट लिमिटेड) से जुड़े लोगों की संलिप्तता का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री, पुलिस और जिला प्रशासन से तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।
सोसायटी में असुरक्षा का माहौल
उनका कहना है कि घटना के बाद से सोसायटी में असुरक्षा का माहौल है। दीपावली का त्योहार भी परिवारों ने डर के साये में मनाया और उत्सव का उल्लास प्रभावित हुआ।
प्रदर्शन में महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल हुए। निवासियों ने हाथों में तख्तियां लेकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई।
उनका कहना है कि घटना के दौरान स्थिति इतनी गंभीर हो गई थी कि मौके पर कई पुलिस पीसीआर और पुलिसकर्मियों को तैनात करना पड़ा।
ये हैं प्रमुख मांगें
निवासियों ने मांग की कि घटना में शामिल लोगों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए। 4एस (नीम सिक्योर प्राइवेट लिमिटेड) का लाइसेंस रद्द करने के लिए कार्रवाई की जाए।
राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) से आवश्यक अनुमति लेकर पुलिस सुरक्षा में टूटी हुई चारदीवारी का पुनर्निर्माण कराया जाए। इसके अलावा सोसायटी के 12 मीटर रेलवे साइड गेट और 24 मीटर रोड गेट के रास्ते में लगाए गए अवरोधों को हटाया जाए।
भविष्य में ऐसी घटना रोकने के लिए स्थायी पुलिस चौकी या पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती भी की जाए। सोसायटी निवासी कैलाश बार्थवाल ने कहा कि लोगों ने अपनी जीवनभर की कमाई से परिवार के लिए घर खरीदे हैं। रात के समय जेसीबी और हथियारों के साथ पहुंचकर चारदीवारी तोड़ना गंभीर मामला है।
पुलिस को दी गई शिकायत..
निवासियों ने डरने के बजाय खुद आगे आकर पुलिस में शिकायत दी है। एक अन्य निवासी हकीकत राणा ने कहा कि यह केवल दीवार तोड़ने का मामला नहीं, बल्कि महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा से जुड़ा विषय है।
निवासियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, उनका शांतिपूर्ण विरोध जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें- उरई में वोटर लिस्ट में गड़बड़ी: किसी का नाम 3 जगह दर्ज, तो किसी के बने 2 पहचान पत्र; 11500 लोगों ने फिर किया आवेदन