विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उरई में वोटर लिस्ट में गड़बड़ी: किसी का नाम 3 जगह दर्ज, तो किसी के बने 2 पहचान पत्र; 11500 लोगों ने फिर किया आवेदन

Published: Fri, 13 Nov 2026 01:13 AM (IST)

उरई जिले में मतदाता सूची में नाम न होने या त्रुटियों के कारण 11,500 लोगों ने दोबारा आवेदन किया है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. 11,500 लोगों ने मतदाता सूची में नाम शामिल करने को आवेदन किया।

  2. एक ही व्यक्ति के कई पहचान पत्र, नाम गायब होने की समस्या।

  3. चुनाव अधिकारी मतदाता सूची की खामियां दूर करने में जुटे हैं।

जागरण संवाददाता, उरई। जिले में फॉर्म-छह और आठ भरने के बावजूद मतदाता सूची में नाम नहीं शामिल होने पर 11,500 लोगों ने फिर से आवेदन किया है।

कुछ मामलों में एक ही मतदाता के नाम में शब्दों का अंतर है और एक से अधिक पहचान पत्र जारी कर दिए गए। पिछले दो विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान बूथों पर ऐसे मामले सामने आ चुके हैं।

कई ऐसे मतदाता भी हैं, जो पिछले चुनाव में अपना वोट डाल चुके हैं और उनका नाम इस बार सूची में नहीं है। एसआइआर में भी त्रुटि ठीक नहीं हो सकी, तो अब फिर आवेदन किया है।

पहले यहां कई मतदाताओं को फिल्मी सितारों का नाम दे दिया गया था। फॉर्म छह उन लोगों द्वारा भरा जाता है, जो पहली बार वोटर बनना चाहते हैं। फॉर्म आठ किसी प्रकार के संशोधन के लिए भरा जाता है।

कालपी की माधुरी का नाम मतदाता सूची से गायब है तो कदौरा की रेखा का नाम तीन जगह की मतदाता सूची में है। रेखा के पास तीन फोटो युक्त मतदाता पहचान पत्र भी आ गए हैं।

दो बूथों पर मोहसिन का नाम

उरई के पटेल नगर के मोहसिन का नाम दो बूथों पर दर्ज है। उनकी फोटो व पता एक ही है। कोंच में राशिद का नाम तीन स्थानों पर मतदाता सूची में है। फोटो, पिता का नाम भी सही है।

मोहल्ला राजेंद्र नगर निवासी रोहित के नाम से दो पहचान पत्र बने हैं। एक में वह राम कुमार हैं और उम्र 50 वर्ष है, तो दूसरे में नाम रोहित है। उरई व रामपुरा में कई मतदाताओं के नाम एक से अधिक स्थान पर है।

मतदाता सूची को पारदर्शी बनाने के लिए ही एसआईआर लाया गया। उद्देश्य था कि जिन मतदाताओं का नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज है, उनका नाम एक जगह ही रहे।

मर चुके मतदाताओं के नाम हटाए जा सकें। 17 व 24 अक्टूबर को एसएसआर (विशेष सारांश संशोधन) के तहत बूथ लगाए गए। इनमें 7,000 आवेदकों ने सूची में नाम जोड़ने के लिए आवेदन किए।

इससे पहले नाम दोबारा जोड़ने को 4,500 आवेदन मिले थे। जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में एसआईआर से पहले 10,85,501 मतदाता थे। उसके बाद बढ़कर इनकी संख्या 11,31,999 हो गई है। इसमें पुरुष मतदाता 6,24,126 हैं, जबकि महिला मतदाता 5,07,824 हैं व अन्य 49 हैं।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजीव राज ने बताया कि 17 नवंबर से युवा मतदाताओं को जोड़ने का अभियान चलना है और साथ ही सामने आ रहीं खामियां दूर कराईं जाएंगी। मतदाता सूची बनाने का कार्य विस्तृत है। जहां कमियां मिल रहीं, उन्हें ठीक किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- दीपावली-छठ पर रेलवे का तोहफा, उरई स्टेशन पर रुकेगी दरभंगा-यशवंतपुर स्पेशल ट्रेन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।