नया गुरुग्राम जाम ही जाम, टू-वे के ट्रायल से मची हाहाकार; प्रदर्शन की तैयारी में भड़के लोग
गुरुग्राम में गैलिरिया और व्यापार केंद्र रोड को टू-वे करने की तैयारी से ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई है, जिससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है।

गैलिरिया और व्यापार केंद्र रोड पर भीषण जाम (AI-Image)
HighLights
टू-वे तैयारी से गैलिरिया, व्यापार केंद्र रोड पर जाम।
रास्ते बंद होने से सेक्टर-43, 27 निवासियों को परेशानी।
बृहस्पतिवार को लोग सड़कों पर उतरकर करेंगे प्रदर्शन।
संवाद सहयोगी नया गुरुग्राम। गैलिरिया मार्केट रोड और व्यापार केंद्र रोड को टू-वे करने की तैयारी में ही ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ने लगी है। अभी टू-वे व्यवस्था आधिकारिक तौर पर शुरू भी नहीं हुई है, लेकिन डिवाइडर लगाने और मौजूदा यातायात व्यवस्था में बदलाव के चलते वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
आमने-सामने से वाहनों की आवाजाही और रास्ते बंद होने के कारण सुबह से शाम तक जाम की स्थिति बनी रहती है। रात के समय भी वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में एक से दो घंटे तक लग रहे हैं।
इससे आसपास के सेक्टरों और रिहायशी इलाकों के लोगों में नाराजगी है। इसी मुद्दे पर बृहस्पतिवार सेक्टर-27, सेक्टर-43 और सुशांत लोक के विभिन्न इलाकों के निवासी सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करेंगे। लोगों ने टू-वे योजना पर पुनर्विचार, रास्तों की उचित व्यवस्था और मौके पर अधिकारियों के निरीक्षण की मांग की है।
सेक्टर-43 पर डिवाइडर से रास्ते बंद
बुधवार को व्यापार केंद्र रोड पर सेक्टर-43 के सामने उसकी एकमात्र एंट्री पर भी डिवाइडर लगाकर रास्ता बंद कर दिया गया। इससे सेक्टर में प्रवेश करने और बाहर निकलकर गोल्फ कोर्स रोड की तरफ जाने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है। अब लोगों को लंबा चक्कर लगाकर आना-जाना पड़ रहा है।
इसी तरह सेक्टर-27 से व्यापार केंद्र रोड की तरफ जाने वालों के लिए भी सीधा रास्ता नहीं छोड़े जाने से लोगों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। गैलिरिया मार्केट रोड पर पहले से ही मार्केट और श्रीराम स्कूल के चलते यातायात का दबाव रहता है।
ऐसे में यहां टू-वे व्यवस्था लागू होने पर जाम की स्थिति और गंभीर होने की आशंका है। सुशांत लोक-1 के डी ब्लाक के निवासी भी इस बदलाव से परेशान हैं। लोगों का कहना है कि पहले वन-वे व्यवस्था में ट्रैफिक सुचारू चल रहा था, लेकिन डिवाइडर लगाने के बाद आवाजाही मुश्किल हो गई है।
'सेक्टर के सामने एंट्री बंद होने से लोगों के लिए बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। व्यापार केंद्र रोड से आने वाले वाहन सेक्टर में प्रवेश नहीं कर पा रहे, वहीं गोल्फ कोर्स रोड की तरफ जाने के लिए भी लोगों को लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। उन्होंने इसे बिना मौके का सही आकलन किए की गई प्लानिंग और क्रियान्वयन बताया।'
-नरेंद्र मेहता, महासचिव, सेक्टर-43 आरडब्ल्यूए
'टू-वे करने से पहले पूरे क्षेत्र का विस्तृत ट्रैफिक सर्वे, बढ़ते दबाव का आकलन और प्रत्येक कट की व्यवस्थित योजना जरूरी है। मैं बार बार यही सुझाव दे रहा हूं कि अध्ययन पूरा होने तक 11 साल से चली आ रही वन-वे व्यवस्था बनाए रखी जाए।'
-विकास यादव, निगम पार्षद, वार्ड-22
'जमीनी हालात देखे बिना लिए गए निर्णय से लोगों को ऐसा महसूस हो रहा है, जैसे उन्हें अपने ही कालोनी में कैद कर दिया गया हो। निवासियों की रोजमर्रा की आवाजाही और सुविधा को ध्यान में रखते हुए योजना पर पुनर्विचार जरूरी है अन्यथा यह व्यवस्था लोगों के लिए अभिशाप बन जाएगी। जीएमडीए के इंजीनियर अपने दफ्तरों में बैठकर प्लानिंग करते हैं जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ता हैं।'
-अक्षय त्रिपाठी, अध्यक्ष, सुशांत लोक-1 डी ब्लाक आरडब्ल्यूए
'प्राधिकरण टू-वे व्यवस्था लोगों की सहूलियत के लिए करना चाहता है। यदि लोगों को परेशानी हो रही है तो ट्रैफिक पुलिस के साथ जल्द बैठक कर पूरे यातायात का आकलन किया जाएगा। जब तक उचित व्यवस्था नहीं बन जाती, तब तक वन वे रखा जाएगा।
फिलहाल, डिवाइडर के बीच से गलत दिशा में आने वाले वाहनों को रोकने के लिए ट्रैफिक पुलिस को दिशा निर्देश जारी किये जाएंगे। मैं स्वयं दोनों सड़कों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लूंगा। यदि आकलन में लगता है कि टू-वे व्यवस्था यहां सफल नहीं हो पाएगी, तो इसे वापस भी लिया जा सकता हैं।'
-पीसी मीणा, सीईओ, जीएमडीए
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में फाइनेंस कंपनी कार्यालय में चोरी, लॉकर तोड़कर मोबाइल और दस्तावेज ले गए चोर
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में सात अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर, नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों की खैर नहीं
