गुरुग्राम: सोहना के 10 गांवों सहित शहर को मिलेगा स्वच्छ पेयजल, 102 करोड़ की योजना को मंजूरी
गुरुग्राम के सोहना और 10 गांवों में 102 करोड़ रुपये की अमृत-2.0 पेयजल परियोजना को मंजूरी मिली है। इससे दिसंबर 2027 तक लगभग 60 हजार आबादी को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य है, जिसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
सोहना में 102 करोड़ की पेयजल परियोजना स्वीकृत।
अमृत-2.0 योजना से शहर और 10 गांवों को लाभ।
दिसंबर 2027 तक स्वच्छ पेयजल आपूर्ति का लक्ष्य।
सतीश राघव, सोहना(गुरुग्राम)। गुरुग्राम के सोहना और नगर परिषद के अंतर्गत आने वाले 10 गांवों में पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जनस्वास्थ्य विभाग की अमृत-2.0 योजना के तहत 102 करोड़ रुपये की पेयजल परियोजना को उच्च अधिकारियों से मंजूरी मिल गई है।
विभाग ने योजना को धरातल पर उतारने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। परियोजना के पूरा होने पर नगर परिषद क्षेत्र की करीब 60 हजार आबादी को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
जहां नहीं होती नियमित सप्लाई वहां भी पहुंचेगा पानी
योजना के तहत शहर के उन घरों तक भी पेयजल आपूर्ति पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी, जहां अभी नियमित रूप से पानी नहीं पहुंच पा रहा है। ऊंचाई पर बसे घरों और नई विकसित कालोनियों में पाइपलाइन बिछाने के लिए सर्वे शुरू कर दिया गया है।
विभाग का लक्ष्य दिसंबर 2027 तक नगर परिषद क्षेत्र के सभी घरों में पेयजल आपूर्ति शुरू करना है। इस योजना को मंजूरी दिलाने और आगे बढ़ाने के लिए स्थानीय जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ विधायक तेजपाल तंवर भी प्रयासरत थे। परियोजना के सिरे चढ़ने से शहर में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है।
शहर के साथ 10 गांवों को मिलेगा लाभ
अमृत-2.0 योजना के तहत सोहना शहर के अलावा नगर परिषद क्षेत्र के 10 गांवों में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था की जाएगी। इनमें बैरका, लौहटकी, रामनगर ढाणी, सांप की नंगली, रायसीना, धुंधला, बालूदा, सिरसका और खाइका सहित अन्य गांव शामिल हैं।
परियोजना के पूरा होने के बाद इन गांवों में भी स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में काम किया जाएगा। इससे ग्रामीण आबादी को पेयजल के लिए होने वाली परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। शहर में करीब 80 प्रतिशत घरों में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था है, जबकि शेष 20 प्रतिशत घरों में नियमित आपूर्ति नहीं हो पा रही है।
इनमें ऊंचाई पर बसे घर और नई विकसित कालोनियां शामिल हैं। ऐसे क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने के लिए सर्वे शुरू कर दिया गया है। योजना के तहत इन घरों तक भी पेयजल आपूर्ति पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।
दिसंबर 2027 तक आपूर्ति शुरू करने का लक्ष्य
जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, योजना को जल्द अमलीजामा पहनाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। परियोजना को पूरा करने में करीब एक वर्ष का समय लगने की संभावना है।
जनस्वास्थ्य विभाग सोहना के कनिष्ठ अभियंता खुर्शीद अहमद का कहना है कि 102 करोड़ रुपये की पेयजल योजना को उच्च अधिकारियों से मंजूरी मिल चुकी है। योजना को जल्द शुरू करने के लिए विभागीय स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
दिसंबर 2027 तक नगर परिषद क्षेत्र के सभी घरों में पेयजल आपूर्ति शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। सर्वे के माध्यम से उन क्षेत्रों की पहचान की जा रही है, जहां अभी पाइपलाइन नहीं है या पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं है।
योजना के तहत ऐसे क्षेत्रों में भी पाइपलाइन बिछाकर घरों तक पानी पहुंचाया जाएगा। इससे शहर और आसपास के गांवों में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
सोहना शहर की आबादी कई गुना बढ़ गई है। आने वाले समय को ध्यान में रखते हुए इस परियोजना को धरातल पर उतरना है ताकि पुराना शहर सहित आसपास के गांव के घरों में साफ पानी उपलब्ध हो सके। इस योजना से शहर के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा। अगले साल यह योजना पूर्णतया सिरे चढ़ जाएगी।
-तेजपाल तंवर, विधायक, सोहना
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।