11 करोड़ की परियोजना टेंडर प्रोसेस में फंसी, गुरुग्राम में सड़कों पर हुए जलभराव से फरुखनगर के लोग परेशान
गुरुग्राम के फरुखनगर में 11 करोड़ रुपये की सीवर और पेयजल लाइन बिछाने का काम एक महीने बाद भी शुरू नहीं हो पाया है, जिससे शहरवासी गंदगी और जलभराव से परेशान हैं।
-1795426555811_m.webp)
फरुखनगर कस्बे के वार्ड 6 में सीवर लाइन के अभाव में सड़क पर जमा गंदा पानी। जागरण
HighLights
फरुखनगर में सीवर और पेयजल लाइन बिछाने का काम रुका।
11 करोड़ रुपये की परियोजना टेंडर प्रक्रिया में अब भी फंसी।
शहरवासी गंदगी, दुर्गंध और जलभराव की समस्या से परेशान।
संवाद सहयोगी, फरुखनगर (गुरुग्राम)। गुरुग्राम में सीवर और पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए अधिकारियों की ओर से दिए गए आश्वासन एक बार फिर हवाई साबित होते नजर आ रहे हैं।
16 सितंबर को अधिकारियों ने एक महीने के भीतर सभी औपचारिकताएं पूरी कर सीवर और पेयजल की नई लाइनें बिछाने का काम शुरू कराने का भरोसा दिया था, लेकिन निर्धारित समयसीमा बीतने के बाद भी धरातल पर काम शुरू नहीं हो पाया है।
टेंडर प्रक्रिया में उलझी परियोजना
करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से शहर के विभिन्न वार्डों में सीवर और पेयजल की लाइनें बिछाई जानी हैं, लेकिन परियोजना अब भी टेंडर प्रक्रिया में उलझी हुई है। इसका खामियाजा शहरवासियों को गंदगी, दुर्गंध और जलभराव के रूप में भुगतना पड़ रहा है।
सड़कों और गलियों में बह रहा पानी
शहर के कई वार्डों में सीवर व्यवस्था बदहाल है। वार्ड-6 में स्थिति ज्यादा खराब बनी हुई है। यहां सीवर का दूषित पानी सड़कों और गलियों में बह रहा है। घरों से निकलने वाला गंदा पानी रास्तों पर जमा होने के कारण लोगों का आवागमन तक मुश्किल हो गया है। दुर्गंध के चलते आसपास रहने वाले परिवारों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय निवासी जतिन, हरचंद, विक्की, रामबीर और त्रिलोक का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन हर बार आश्वासन देकर जिम्मेदारी पूरी कर ली जाती है।
लोगों का सवाल है कि जब समस्या अधिकारियों के संज्ञान में है तो उसका समाधान करने में इतनी देरी क्यों हो रही है। इस बारे में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के जेई भूपेंद्र का कहना है कि टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और तीन एजेंसियों ने इसमें भाग लिया है। करीब 20 से 25 दिनों में काम शुरू करा दिया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।