गुरुग्राम में 40 साल पुराने जर्जर शव गृह का होगा कायाकल्प, 50 बेड अस्पताल के साथ बनकर होगा तैयार
गुरुग्राम के सोहना नागरिक अस्पताल का चार दशक पुराना शव गृह जर्जर हालत में है, जिससे पोस्टमार्टम में परेशानी होती ...और पढ़ें
-1793879176080_m.webp)
चार दशक पुराना शव गृह जर्जर, कब बनेगा नया भवन। जागरण
HighLights
सोहना नागरिक अस्पताल का शव गृह चार दशक से जर्जर।
छत का प्लास्टर उखड़ा, दीवारें टूटीं, चिकित्सक भी कतराते।
50 बेड अस्पताल के साथ नया शव गृह जल्द बनेगा।
संवाद सहयोगी, सोहना (गुरुग्राम)। गुरुग्राम में सोहना नागरिक अस्पताल का शव गृह वर्षों से जर्जर हालत में है, लेकिन इसके पुनर्निर्माण की योजना अब तक सिरे नहीं चढ़ पाई है।
करीब चार दशक पुराने अस्पताल भवन के साथ बने शव गृह की छत का प्लास्टर उखड़ चुका है और दीवारें जगह-जगह से टूट रही हैं। हालत ऐसी है कि चिकित्सक और कर्मचारी भी इसमें प्रवेश करने से कतराते हैं।
इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग स्थायी समाधान नहीं कर पाया है। जिला चिकित्सा अधिकारी भी जल्द नया भवन बनवाने का आश्वासन दे चुके हैं, लेकिन धरातल पर काम शुरू नहीं हुआ है।
शव गृह में जरूरी सुविधाएं नहीं होने के कारण कई बार मृतकों के पोस्टमार्टम के लिए स्वजन को गुरुग्राम जाना पड़ता है। इससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार पर्याप्त सुविधाएं नहीं होने के कारण चिकित्सक भी पोस्टमार्टम करने में असमर्थता जताते हैं।
अस्पताल परिसर में बने कोविड सेंटर के पोटा केबिन के एक हिस्से में अस्थायी रूप से शव गृह संचालित किया जा रहा है। सवाल यह है कि आखिर कब तक वैकल्पिक व्यवस्था के सहारे काम चलाया जाएगा।
अस्पताल प्रशासन ने इस समस्या से जिला और प्रदेश स्तर के अधिकारियों के साथ स्वास्थ्य मंत्री को भी अवगत कराया है। जिला चिकित्सा अधिकारी ने मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर के दौरान नए शव गृह का निर्माण जल्द कराने का भरोसा दिया था।
50 बेड के अस्पताल के साथ बनेगा नया शव गृह
अस्पताल को 50 बेड का करने की योजना के तहत नए भवन का निर्माण प्रस्तावित है। तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने करीब चार वर्ष पहले सरमथला में आयोजित विकास रैली में इसकी घोषणा की थी, लेकिन अभी निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि इसके लिए सरकार की ओर से बजट जारी किया गया है।
एसएमओ डॉ. नीरू ने बताया कि शव गृह की जर्जर हालत को देखते हुए पहले पुनर्निर्माण का एस्टीमेट तैयार कराया गया था। अब नए भवन के निर्माण की योजना है। इसमें पोस्टमार्टम के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी और जल्द निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
अस्पताल के नए भवन का निर्माण जल्द शुरू होगा। इसका एस्टीमेट तैयार हो चुका है। नए भवन में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ पोस्टमार्टम के लिए अलग से विशेष कक्ष और जरूरी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। - तेजपाल तंवर, विधायक, सोहना
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम के राजीव चौक को लगेंगे 'चार चांद', 45 लाख रुपये से बदलेगी तस्वीर; 80 तिरंगा लाइटें लगाने का लक्ष्य
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।