सनाथ रोड मॉडल पर संवरेंगी गुरुग्राम की सड़कें, पैदल और साइकिल वालों को मिलेगी जगह; CM सैनी का आदेश
गुरुग्राम की सड़कें सेक्टर-18 की सनाथ रोड की तर्ज पर विकसित होंगी, जिसमें पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों को प्राथमिकता दी जाएगी।

पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में राहगिरी फाउंडेशन और नगारो फाउंडेशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक करते मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी। सौ. डीपीआर
HighLights
सनाथ रोड मॉडल पर गुरुग्राम की सड़कें विकसित होंगी।
पैदल यात्रियों, साइकिल चालकों को मिलेगी विशेष प्राथमिकता।
मुख्यमंत्री ने अर्बन मोबिलिटी पर जोर देने के निर्देश दिए।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम की सड़कों को सेक्टर-18 की सनाथ रोड की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। सड़कों पर वाहनों के साथ पैदल राहगीरों और साइकिल चालकों के लिए भी पर्याप्त जगह होगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को अधिकारियों को अर्बन मोबिलिटी के अनुरूप सड़क डिजाइनिंग, जलनिकासी और हरियाली बढ़ाने के निर्देश दिए।
वाहनों के साथ पैदल यात्रियों पर जोर
मुख्यमंत्री ने शनिवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में राहगिरी फाउंडेशन और नगारो फाउंडेशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें शहर के ढांचागत विकास, सुंदरीकरण, शहरी मोबिलिटी और सड़क विकास पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कें केवल वाहनों की आवाजाही तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इनके विकास में नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा और पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दी जाए।
सभी सड़कों पर फुटपाथ की डिजाइन में एकरूपता, पैदल यात्रियों के निर्बाध आवागमन और जलनिकासी के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।
सभी सेक्टरों में बनेंगे वेंडिंग जोन
मुख्यमंत्री ने सभी सेक्टरों में स्ट्रीट वेंडिंग जोन के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करने को कहा। इससे रेहड़ी-पटरी संचालकों को व्यवस्थित जगह और सुविधाएं मिल सकेंगी। साथ ही फुटपाथ, सड़क और ग्रीन बेल्ट पर अतिक्रमण से बचाव होगा।
शहर में चार स्थानों पर सब्जी मंडियों के लिए भी जगह तलाशने के निर्देश दिए गए हैं। इससे बाजार व्यवस्थित करने और यातायात सुचारु रखने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा हरियाणा की संस्कृति और विरासत को सहेजने के लिए म्यूजियम निर्माण की जगह चिह्नित करने को कहा गया।
सनाथ रोड बनी कम्प्लीट स्ट्रीट
सेक्टर-18 की सनाथ रोड को कम्प्लीट स्ट्रीट यानी पूर्ण सड़क के रूप में विकसित किया गया है। कभी बदहाली के कारण इसे अनाथ रोड कहा जाता था। अब करीब 2.5 किलोमीटर लंबी यह सड़क ओल्ड दिल्ली रोड को दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे से जोड़ती है।
इस सड़क पर वाहनों के साथ पैदल चलने वालों के लिए चौड़े फुटपाथ, सुरक्षित क्रॉसिंग और अलग से साइकिल ट्रैक बनाया गया है। इसी मॉडल पर शहर की दूसरी सड़कों को भी विकसित करने की योजना है।
अर्बन फॉरेस्ट और हरियाली बढ़ेगी
शहर में हरियाली बढ़ाने के लिए अर्बन फॉरेस्ट विकसित करने के उद्देश्य से नए स्थान चिह्नित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने त्रिवेणी और मियावाकी पद्धति से पौधारोपण को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
सड़क विकास योजनाओं में पौधारोपण और हरित क्षेत्र विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा गया।
बार-बार खोदाई से मिलेगी निजात
मुख्यमंत्री ने सीसी रोड निर्माण के दौरान ही यूटिलिटी पाइप और जरूरी डक्ट डालने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इससे पेयजल, सीवर और अन्य उपयोगिताओं के लिए बार-बार सड़कों की खोदाई नहीं करनी पड़ेगी।
इससे लोगों को होने वाली असुविधा कम होगी और सरकारी धन की भी बचत होगी।
बैठक में प्रदेश के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव डॉ. यशपाल यादव, नगर निगम गुरुग्राम आयुक्त डॉ. पंकज, अतिरिक्त निगम आयुक्त यश जालुका और रवींद्र कुमार, राहगिरी फाउंडेशन से सारिका पांडा तथा नगारो फाउंडेशन के सीईओ मानस ह्यूमन मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।