गुरुग्राम हरेरा ने बिल्डर का कब्जा ऑफर किया खारिज, आवंटी को मिलेगा ब्याज और वैध फ्लैट
गुरुग्राम में हरेरा ने तुलस्यानी कंस्ट्रक्शंस के एक अफोर्डेबल हाउसिंग प्रोजेक्ट में फ्लैट के कब्जे में देरी और बिना ओसी के ऑफर को खारिज कर दिया है।
-1795627564221_m.webp)
गुरुग्राम हरेरा ने बिल्डर का कब्जा ऑफर किया खारिज ( एआई जेनरेटड इमेज )
HighLights
हरेरा ने बिल्डर का बिना ओसी कब्जा ऑफर रद्द किया।
बिल्डर को आवंटी को 10.80% वार्षिक ब्याज देना होगा।
तीन महीने में वैध कब्जा और कन्वेयंस डीड पूरी करें।
संवाद सहयोगी, गुरुग्राम। गुरुग्राम के सेक्टर-35 सोहना रोड स्थित अफोर्डेबल हाउसिंग प्रोजेक्ट ईजी इन होम्स में फ्लैट का कब्जा देने में देरी करना बिल्डर को भारी पड़ गया।
हरियाणा रियल एस्टेट रेगुलेटरी प्राधिकरण (हरेरा) ने तुलस्यानी कंस्ट्रक्शंस एंड डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड की ओर से बिना आक्यूपेशन सर्टिफिकेट (ओसी) के दिए गए फिट-आउट आफर को खारिज कर दिया है।
डीड की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश
प्राधिकरण ने बिल्डर को आवंटी को 10.80 प्रतिशत सालाना ब्याज देने और वैध कब्जा देने के तीन महीने के भीतर फ्लैट का कब्जा और कन्वेयंस डीड की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
यह मामला प्रोजेक्ट के टावर-3 की 14वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट ई-314 से जुड़ा है। आवंटी सुनील कुमार कौशिक ने 8 अप्रैल 2016 को बिल्डर के साथ बायर एग्रीमेंट किया था।
फ्लैट की कुल कीमत 18.60 लाख रुपये थी, जिसमें से आवंटी 17.78 लाख रुपये जमा करा चुका था। एग्रीमेंट और प्रोजेक्ट की मंजूरी के अनुसार बिल्डर को 28 दिसंबर 2019 तक फ्लैट का कब्जा देना था। लेकिन, तय समय बीतने के बाद भी आवंटी को घर नहीं मिला।
2025 में दिया था बिना ओसी के कब्जे का आफर
बिल्डर ने लंबे इंतजार के बाद 22 सितंबर 2025 को आवंटी को कब्जे का प्रस्ताव दिया था। हालांकि, इसमें आक्यूपेशन सर्टिफिकेट के बिना ही फिट-आउट के लिए फ्लैट देने की बात कही गई थी। आवंटी ने इस प्रस्ताव को चुनौती दी। हरेरा ने सुनवाई के दौरान इसे वैध कब्जे का प्रस्ताव मानने से इनकार कर दिया।
बिल्डर ने नोटिस का भी नहीं दिया जवाब
सुनवाई में हरेरा के चेयरमैन अरुण कुमार ने पाया कि बिल्डर को नोटिस जारी होने के बावजूद उसने एक साल से अधिक समय तक अपना लिखित जवाब दाखिल नहीं किया। इस कारण बिल्डर अपना पक्ष भी नहीं रख सका। प्राधिकरण ने उपलब्ध रिकार्ड और दस्तावेजों के आधार पर फैसला सुनाया।
आवंटी को ब्याज और कब्जे का मिलेगा लाभ
आदेश के अनुसार बिल्डर को 28 दिसंबर 2019 से वैध कब्जे के प्रस्ताव के दो महीने बाद या वास्तविक कब्जा देने तक, जो भी पहले हो, 10.80 प्रतिशत सालाना ब्याज देना होगा। 31 जुलाई 2023 तक के बकाया ब्याज का भुगतान आदेश की तारीख से 90 दिनों के भीतर करना होगा।
इसके बाद हर महीने की 10 तारीख से पहले ब्याज का भुगतान करना होगा। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि फ्लैट का वैध कब्जा देने के लिए ओसी जरूरी है। इसके साथ ही आवंटी को फ्लैट का कब्जा मिलने के तीन महीने के भीतर कन्वेयंस डीड पूरी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।