गुरुग्राम के सभी पार्क और बाजार 'नो स्मोकिंग जोन' घोषित, नियम तोड़ने पर कटेगा तगड़ा चालान
गुरुग्राम में सार्वजनिक स्थलों और पार्कों में धूम्रपान व तंबाकू सेवन पर अब 200 रुपये का जुर्माना लगेगा। निगमायुक्त डॉ. पंकज ने सभी सार्वजनिक स्थलों को नो स्मोकिंग जोन घोषित किया है।

निगमायुक्त डॉ. पंकज। फाइल फोटो
HighLights
गुरुग्राम के सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान अब प्रतिबंधित।
नियम तोड़ने पर 200 रुपये तक का जुर्माना लगेगा।
15 दिनों में लगेंगे नो स्मोकिंग जोन के बोर्ड।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। शहर में सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान और तंबाकू सेवन पर अब जुूर्माना लगेगा। निगमायुक्त डॉ. पंकज ने नगर निगम क्षेत्र के सभी सार्वजनिक स्थलों और पार्कों को नो स्मोकिंग जोन घोषित करने के आदेश जारी किए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 200 रुपये तक जुर्माना लगाया जाएगा।
वहीं, 15 दिनों के भीतर प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर नो स्मोकिंग जोन के सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे। शहर के बाजार, बस स्टॉप, बस स्टैंड, सार्वजनिक परिवहन के साधन, पार्क, ग्रीन बेल्ट, खेल के मैदान और खुले सार्वजनिक स्थान प्रतिबंध के दायरे में होंगे।
नगर निगम के स्वामित्व, रखरखाव या प्रबंधन वाले शेड, गजिबो और अन्य ढके हुए ढांचे भी नो स्मोकिंग जोन होंगे। इसके अलावा सभी कार्यालय, सामुदायिक केंद्र, पुस्तकालय, डिस्पेंसरी, पार्किंग स्थल और सार्वजनिक शौचालय परिसर में भी धूम्रपान नहीं किया जा सकेगा।
सिगरेट-बीड़ी के टुकड़े फेंकने पर भी रोक
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सार्वजनिक स्थलों पर सिगरेट, बीड़ी, सिगार और अन्य तंबाकू उत्पादों का सेवन प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही सिगरेट और बीड़ी के टुकड़े इधर-उधर फेंकने तथा तंबाकू खाकर थूकने पर भी कार्रवाई की जाएगी।
निगम ने सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान निषेध नियम, 2008 के प्रावधानों के तहत यह कदम उठाया है।
नियम तोड़ने पर 200 रुपये तक जुर्माना
नो स्मोकिंग जोन में धूम्रपान करते पकड़े जाने पर सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम की धारा 21 के तहत 200 रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है। वहीं, सिगरेट-बीड़ी के टुकड़े फेंकने और तंबाकू खाकर थूकने पर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 और नगर निगम के उपनियमों के तहत कार्रवाई होगी।
किसी प्रतिष्ठान की ओर से बार-बार नियमों का उल्लंघन करने पर हरियाणा नगर निगम अधिनियम, 1994 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
15 दिनों में लगेंगे सूचना बोर्ड
निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आदेशों की प्रभावी पालना सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। संयुक्त आयुक्तों और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (स्वच्छता एवं बागवानी शाखा) को अपने-अपने क्षेत्रों और पार्कों में नियम लागू कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर प्रमुख स्थानों पर नो स्मोकिंग जोन के सूचना बोर्ड लगवाने होंगे, ताकि लोगों को प्रतिबंध की जानकारी मिल सके।
बच्चों और बुजुर्गों को धुएं से बचाने की पहल
निगमायुक्त डॉ. पंकज ने सार्वजनिक स्थलों को धूम्रपान मुक्त बनाने और स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया है। सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान से निकलने वाला धुआं बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है।
वहीं, सिगरेट और बीड़ी के टुकड़े फेंकने से भी गंदगी फैलती है। नगर निगम ने नागरिकों से सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान और तंबाकू सेवन नहीं करने तथा शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने में सहयोग देने की अपील की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।