अमेरिका भागने की फिराक में है मास्टरमाइंड दंपती? लुकआउट सर्कुलर जारी; गुरुग्राम मतांतरण केस में बड़ा खुलासा
गुरुग्राम के घाटा गांव में मतांतरण के लिए चल रही पाठशाला का मामला अंतरराष्ट्रीय एंगल से जुड़ गया है। पुलिस ने एनजीओ संचालक डॉ. पीटर जान मलकर और उसकी अमेरिकी नागरिक पत्नी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है।
-1795413649809_m.webp)
घाटा गांव की इसी झुग्गी बस्ती में चलाई जा रही थी मतांतरण की पाठशाला। जागरण- आर्काइव
HighLights
मतांतरण पाठशाला मामले में अंतरराष्ट्रीय एंगल सामने आया।
एनजीओ संचालक दंपती के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी।
आरोपी डॉ. पीटर की पत्नी अमेरिकी नागरिक है।
विनय त्रिवेदी, गुरुग्राम। गुरुग्राम के घाटा गांव की झुग्गी बस्ती में मतांतरण के लिए चलाई जा रही पाठशाला का मामला अब अंतरराष्ट्रीय एंगल से जुड़ गया है।
पुलिस को आशंका है कि इस पूरे नेटवर्क का संचालक डॉ. पीटर जान मलकर अपनी पत्नी के साथ अमेरिका भाग सकता है। इसी आशंका को देखते हुए सेक्टर-56 थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करा दिया है।
वहीं, पुलिस अब इनके पासपोर्ट की जानकारी जुटा रही है और कई सुरक्षा एजेंसियों से भी संपर्क किया गया है।
दिल्ली के बुराड़ी से गिरफ्तार
14 नवंबर को घाटा गांव की झुग्गी बस्ती में छापामारी कर पुलिस ने मतांतरण के प्रयास का पर्दाफाश किया था। मौके से चार महिलाओं को पकड़ा गया था। उनसे पूछताछ के बाद पुलिस को पांचवें आरोपी प्रबीन के बारे में जानकारी मिली। प्रबीन को 18 नवंबर को दिल्ली के बुराड़ी से गिरफ्तार किया गया। उसे तीन दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसमें कई अहम जानकारियां सामने आई।
जानकारी पुलिस को मिली
रिमांड के दौरान प्रबीन ने बताया कि एनजीओ 2014 से संचालित किया जा रहा था। इसके माध्यम से झुग्गी बस्तियों में पाठशाला लगाई जा रही थी। प्रबीन से पूछताछ में दिल्ली के गुजरांवाला की झुग्गियों में भी एक पाठशाला लगाने की जानकारी पुलिस को मिली है। प्रबीन ने ही पूछताछ में एनजीओ संचालक डॉ. पीटर जान मलकर और उसकी पत्नी के बारे में जानकारी दी।
पुलिस को पता चला है कि पीटर की पत्नी अमेरिकी नागरिक है। ऐसे में आशंका है कि मतांतरण की आड़ में पाठशालाओं का पर्दाफाश होने के बाद आरोपी देश छोड़कर भाग गया हो या भागने की फिराक में हो। इसी को देखते हुए लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है।
किन-किन राज्यों में फैला नेटवर्क
पुलिस को डॉ. पीटर का एक वीडियो मिला है, जिसके बाद जांच और तेज हो गई है। वीडियो में डॉ. पीटर ने कहा था कि उसके पैशन मूवमेंट एनजीओ में दिल्ली विश्वविद्यालय के एक हजार छात्र वालंटियर हैं और कार्यक्रमों में आते रहते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय में देशभर के छात्र पढ़ते हैं।
ऐसे में पुलिस को आशंका है कि इस एनजीओ का नेटवर्क कई राज्यों में फैला हो सकता है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह नेटवर्क किन-किन राज्यों में सक्रिय था।
सेक्टर 56 थाना पुलिस ने बताया कि आरोपित की तलाश की जा रही है। लुकआउट सर्कुलर के बाद एयरपोर्ट और अन्य एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है, ताकि आरोपी देश छोड़कर न भाग सकें।
जिस दिन छापामारी
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, जिस दिन घाटा गांव की झुग्गियों में पुलिस ने छापामारी की थी, उस दिन भी डॉ. पीटर और उसकी पत्नी पाठशाला आए थे। लेकिन पुलिस की छापामारी से पहले ही वह वहां से चले गए। इसके बाद से ही दोनों फरार चल रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।