विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में अब प्रदूषण फैलाने वालों की खैर नहीं, अधिकारियों को मिली सख्त चेतावनी

Published: Thu, 19 Nov 2026 11:20 PM (IST)

गुरुग्राम जिला प्रशासन ने प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है, अब केवल चालान नहीं बल्कि एफआईआर दर्ज की जाएगी।  

गुरुग्राम में प्रदूषण फैलाने वालों पर गिरी गाज (फोटो स्रोत : जागरण )

गुरुग्राम में प्रदूषण फैलाने वालों पर गिरी गाज (फोटो स्रोत : जागरण )

HighLights

  1. प्रदूषण फैलाने पर अब सीधे एफआईआर दर्ज होगी।

  2. कूड़ा जलाने, औद्योगिक कचरा फेंकने पर सख्त कार्रवाई।

  3. डीसी ने अधिकारियों को 15 दिन में परिणाम दिखाने को कहा।

आदित्य राज, गुरुग्राम। प्रदूषण की गंभीर होती समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने अब सख्त रुख अपना लिया है। शहर में प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ केवल चालान तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नियमों का उल्लंघन करने पर सीधे एफआइआर दर्ज कराई जाएगी।

कूड़ा जलाने, औद्योगिक कचरा खुले में फेंकने, निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) मलबा डालने और ग्रेप के प्रतिबंधों का उल्लंघन करने वालों पर तत्काल कार्रवाई होगी। अधिकारियों को अगले 15 दिनों में इसका असर जमीन पर दिखाई देने के निर्देश दिए गए हैं।

कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी

डीसी उत्तम सिंह ने बृहस्पतिवार को लघु सचिवालय में प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े विभागों की समीक्षा बैठक में स्पष्ट किया कि इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि गुरुग्राम समेत पूरे एनसीआर में प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) गंभीर हैं। ऐसे में सभी विभागों को ग्रैप के प्रतिबंधों का सख्ती से पालन कराना होगा।

अधिकारियों को निर्देश दिए कि कूड़ा जलाने, औद्योगिक कचरा खुले में डालने और निर्माण सामग्री बिना ढके ले जाने जैसे मामलों में नियमित निरीक्षण कर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी खुद कूड़ा जलाता पाया गया तो उसके खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की खैर नहीं

प्रदूषण नियंत्रण के कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई भी होगी। उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, एचएसआईआईडीसी, डीटीपी और नगर निगम गुरुग्राम व मानेसर के अधिकारियों को फील्ड में सक्रियता बढ़ाने तथा प्रवर्तन कार्रवाई तेज करने को कहा।

मीडिया और इंटरनेट मीडिया पर सामने आने वाली शिकायतों पर भी तुरंत संज्ञान लेने के निर्देश दिए गए। सभी विभागों को अपनी कार्रवाई की रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में डीसी कार्यालय भेजनी होगी। बैठक में एडीसी सोनू भट्ट, एसीपी सत्यपाल यादव, नगर निगम गुरुग्राम के एसई कृष्ण कुमार, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी हरीश शर्मा, एईई कामेश, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन सचिन भाटी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, ऐसे लगाते थे लोगों को करोड़ों का चूना, धर दबोचे गए ये आरोपी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।