विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, ऐसे लगाते थे लोगों को करोड़ों का चूना, धर दबोचे गए ये आरोपी

Published: Thu, 19 Nov 2026 11:09 PM (IST)

गुरुग्राम पुलिस ने एपल कंपनी के नाम पर अमेरिका और कनाडा के लोगों से करोड़ों की ठगी करने वाले एक फर्जी अंतरराष्ट्रीय कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए, जो रिमोट एक्सेस ऐप्स के जरिए ठगी करते थे।

गुरुग्राम में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ ( फोटो स्रोत : जागरण)

गुरुग्राम में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ ( फोटो स्रोत : जागरण)

HighLights

  1. गुरुग्राम में एपल के नाम पर फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़।

  2. अमेरिका-कनाडा के लोगों से रिमोट एक्सेस से करोड़ों की ठगी।

  3. 17 आरोपी गिरफ्तार, गिफ्ट कार्ड-क्रिप्टो से लेते थे पैसे।

आदित्य राज, गुरुग्राम। एपल कंपनी की ग्राहक सेवा का प्रतिनिधि बनकर अमेरिका और कनाडा के लोगों से करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले फर्जी अंतरराष्ट्रीय कॉल सेंटर का गुरुग्राम पुलिस ने पर्दाफाश किया है।

गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड स्थित एम3एम डिजिटल ग्रीन इमारत में चल रहे इस कॉल सेंटर पर बुधवार रात को छापा मारकर पुलिस ने 12 युवकों और पांच युवतियों समेत 17 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 17 कंप्यूटर, छह लैपटाप, पांच मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।

इस तरह बनाते थे लोगों को निशाना

आरोपी सबसे पहले अमेरिका में आइफोन इस्तेमाल करने वाले लोगों के मोबाइल पर पाप-अप अलर्ट भेजते थे। उसमें लिखा होता था कि उनके एपल अकाउंट से 5000 अमेरिकी डॉलर का ट्रांजेक्शन किया जा रहा है।

अगर उन्होंने यह ट्रांजेक्शन नहीं किया है, तो उसे रुकवाने के लिए दिए गए नंबर पर कॉल करें। इस अलर्ट को देखकर जब लोग दिए नंबर पर संपर्क करते थे, तो कॉल सेंटर के कर्मचारी खुद को एपल कस्टमर सर्विस का प्रतिनिधि बताकर अंग्रेजी में बातचीत करते थे।

आरोपी उन्हें बताते थे कि उनका एपल अकाउंट किसी दूसरे व्यक्ति ने एक्सेस कर लिया है। अकाउंट सुरक्षित करने के नाम पर उन्हें टीमव्यूअर और कनेक्टवाइज जैसे रिमोट एक्सेस एप डाउनलोड करवाते थे। इसके जरिये मोबाइल का एक्सेस लेकर नाम, पता, ईमेल और अन्य निजी जानकारियां हासिल कर लेते थे।

इसके बाद अतिरिक्त सुरक्षा उपलब्ध कराने के नाम पर 500 से 1000 अमेरिकी डॉलर तक वसूलते थे। ठगी की रकम गिफ्ट कार्ड और क्रिप्टो करेंसी के माध्यम से प्राप्त की जाती थी।

30 से 50 हजार रुपये मिलती थी सैलरी और कमीशन

कॉल सेंटर में काम करने वाले कर्मचारियों को 30 हजार से 50 हजार रुपये मासिक वेतन के अलावा कमीशन भी दिया जाता था। गिरफ्तार आरोपितों की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच है और उनकी शैक्षणिक योग्यता 12वीं से स्नातक तक है।

इनमें 12 युवक और पांच युवतियां हैं। आरोपित पहले दिल्ली में काल सेंटर चलाते थे। इसके बाद छह महीने तक उद्योग विहार में संचालन किया। पिछले दो महीने से एमथ्रीएम डिजिटल ग्रीन बिल्डिंग में ठिकाना बना रखा था।

पुलिस पूछताछ में इस नेटवर्क के मुख्य संचालक दिल्ली के चिरगुदीन और शुभम के नाम सामने आए हैं। पुलिस थाना साइबर अपराध दक्षिण में बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज हुआ है। बता दें कि पहले भी एपल के नाम पर ठगी करने वाले काल सेंटर पकड़े जा चुके हैं।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार

बलिया के नितेश भारती, गाजियाबाद के शालीमार गार्डन के अनिमेष शर्मा व तुषार मेहता, कोलकाता के पैट्रिक राय, मेघायल के तेनतिया हिल्स के करण व एडी नगमलाई, दिल्ली के जहांगीरपुरी के आशीष, हरिनगर के रितिक प्रजापति, मंडावली के सुखदीप सिंह, फरीदाबाद के सेक्टर-15 के सूरज बरुई व इस्माइलपुर के अंकुश कुमार, अलीगढ़ के अनीस मलिक, मणिपुर के जंगमलू व चुइमेनाओ, दीमापुर की लीमा कैथरीन, गुवाहाटी के सैयदा फरदौ और लखनऊ के ऐशबाग की शाजिया खान।

यह भी पढ़ें- पहले लगवा दी ऊंची ग्रिल, अब खुद ही काटकर छोटा कर रहा GDMA; गुरुग्राम में अफसरों ने फूंका जनता का पैसा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।