पहले लगवा दी ऊंची ग्रिल, अब खुद ही काटकर छोटा कर रहा GDMA; गुरुग्राम में अफसरों ने फूंका जनता का पैसा
गुरुग्राम में जीएमडीए लाखों रुपये खर्च कर लगाई गई ऊंची डिवाइडर ग्रिल को अब काट रहा है, क्योंकि ये एमओआरटीएच और आईआरसी के मानकों के विपरीत थीं।

सेक्टर 30-31 डिवाइडिंग रोड पर ग्रिल को इस तरह काटकर छोटी कर दिया गया है। जागरण
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। शहर की सड़कों के डिवाइडर पर ऊंची ग्रिल लगाने के नाम पर लाखों रुपये खर्च करने के बाद अब गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) इन्हें काटकर छोटा कर रहा है।
वर्ष 2024-25 में विभिन्न सड़कों पर लगाई गई इन ग्रिल की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं थी। अब उच्चाधिकारियों के आदेश पर इन्हें हटाकर ऊंचाई कम की जा रही है।
शीतला माता रोड और सेक्टर-30-31 डिवाइडिंग रोड पर ग्रिल काटने का काम शुरू कर दिया गया है।
हाईवे जैसी ऊंची ग्रिल शहर की सड़कों पर लगाई
जीएमडीए की ओर से शहर की कई प्रमुख सड़कों पर डिवाइडर के बीच ऊंची ग्रिल लगवाई गई थी। इनमें शीतला माता रोड, सेक्टर-30-31 डिवाइडिंग रोड के अलावा कन्हई रोड और ओल्ड दिल्ली रोड भी शामिल हैं।
इन ग्रिल की ऊंचाई इतनी अधिक रखी गई थी कि ये शहर की सामान्य सड़कों के बजाय हाईवे पर लगाई जाने वाली ग्रिल जैसी दिखाई देती थीं।
इससे सड़कों का स्वरूप प्रभावित होने के साथ शहर की सुंदरता भी बिगड़ रही थी। इसके अलावा ग्रिल की ऊंचाई को लेकर निर्धारित मानकों पर भी सवाल उठे थे।
एमओआरटीएच और आइआरसी के नियमों की अनदेखी
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (एमओआरटीएच) और भारतीय सड़क कांग्रेस (आईआरसी) के मानकों के अनुरूप ग्रिल लगाने के बजाय अधिक ऊंचाई की ग्रिल लगाई गई थीं।
अब इन्हें काटकर निर्धारित स्वरूप में लाने का काम किया जा रहा है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से भी ग्रिल की ऊंचाई कम करने की मांग की गई थी। इसके बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई शुरू हुई है।
अब काटकर कम की जा रही ऊंचाई
जीएमडीए के एक्सईएन शेखर नांदल ने बताया कि जिन क्षेत्रों में अब ऊंची ग्रिल काटी जा रही हैं, उस समय ये क्षेत्र किसी अन्य इंजीनियर के अधीन थे।
उन्होंने कहा कि इतनी ऊंची ग्रिल सामान्य तौर पर हाईवे पर ही लगाई जाती हैं। अब इन्हें काटकर ठीक किया जा रहा है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से भी इस संबंध में कहा गया था।
उच्चाधिकारियों के आदेश पर ग्रिल की ऊंचाई कम करने का काम कराया जा रहा है।
सरकारी बजट का हुआ दुरुपयोग
पहले ग्रिल ऊंची लगाने और फिर काटने से सरकारी बजट का दुरुपयोग किया गया है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जीएमडीए के अधिकारी क्या अब जिम्मेदार अधिकारियों पर इस संबंध में कोई कार्रवाई करेंगे।
मानकों के मुताबिक कार्य नहीं होने से टेंडर प्रक्रिया भी सवालों के घेरे में है।
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम के सदर बाजार में कारों की एंट्री बैन, दुकानदारों के लिए भी नियम तय; जाम खत्म करने की तैयारी