विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम के सदर बाजार में कारों की एंट्री बैन, दुकानदारों के लिए भी नियम तय; जाम खत्म करने की तैयारी

Published: Thu, 19 Nov 2026 05:58 PM (IST)

गुरुग्राम नगर निगम सदर बाजार को अतिक्रमण और जाम मुक्त बनाने के लिए चार पहिया वाहनों की एंट्री पर रोक ...और पढ़ें

सदर बाजार में चार पहिया वाहनों की एंट्री रोकने के लिए बोलार्ड लगाए जा रहे हैं। जागरण

सदर बाजार में चार पहिया वाहनों की एंट्री रोकने के लिए बोलार्ड लगाए जा रहे हैं। जागरण

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। सदर बाजार में अतिक्रमण और जाम की समस्या खत्म करने के लिए नगर निगम ने बाजार को व्यवस्थित करने की तैयारी शुरू कर दी है।

इसके तहत बाजार के प्रवेश द्वारों पर बोलार्ड लगाने का काम शुरू किया गया है, ताकि चार पहिया वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जा सके। फिलहाल बाजार की गलियों से आने वाले रास्तों पर बोलार्ड लगाए जा रहे हैं।

इसके बाद बाजार की मुख्य एंट्री पर भी बोलार्ड लगाए जाएंगे। हालांकि, बाजार में चार पहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद करने की तिथि अभी निर्धारित नहीं की गई है।

बोलार्ड और येलो मार्किंग से रुकेगा अतिक्रमण

नगर निगम की ओर से बाजार में येलो मार्किंग भी की गई है। इसके तहत दुकानदार निर्धारित सीमा से बाहर सामान नहीं रख सकेंगे। दुकानों के बाहर सामान फैलाने और वहां वाहनों की पार्किंग करने पर भी रोक रहेगी।

अभी तक सदर बाजार में दुकानों के बाहर सामान रखे जाने के कारण रास्ते संकरे हो जाते हैं। इसके अलावा ग्राहक अपनी कार और अन्य बड़े वाहन लेकर बाजार में पहुंच जाते हैं।

इससे दिनभर बाजार में जाम की स्थिति बनी रहती है। निगम की योजना है कि निर्धारित सीमा के भीतर ही दुकानदार अपना सामान रखें, जिससे बाजार में पैदल चलने वाले ग्राहकों को परेशानी न हो।

व्यापारियों के सामान लाने के लिए तय होगा समय

बाजार में चार पहिया वाहनों का प्रवेश बंद होने के बाद दुकानदारों को अपनी दुकानों तक सामान पहुंचाने के लिए अलग व्यवस्था करनी होगी। इसके लिए एक निश्चित समय निर्धारित किया जा सकता है।

सुबह या रात के समय दुकानदारों को सामान लाने की अनुमति देने का विकल्प विचाराधीन है। हालांकि, इस संबंध में अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। समय निर्धारित होने के बाद दुकानदारों को उसी अवधि में माल की आपूर्ति करनी होगी।

सजावटी लाइटों से बदलेगी बाजार की तस्वीर

सदर बाजार को मॉडल बाजार की तरह विकसित करने के लिए सजावटी लाइटें भी लगाई गई हैं। निगम की योजना बाजार को अतिक्रमण मुक्त करने के साथ ही इसे व्यवस्थित और आकर्षक स्वरूप देने की है।

बोलार्ड लगाने, येलो मार्किंग करने और सजावटी लाइटें लगाने जैसे कार्य इसी योजना का हिस्सा हैं। व्यवस्था लागू होने के बाद बाजार में वाहनों की आवाजाही नियंत्रित होगी और ग्राहकों को खरीदारी के दौरान बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।

दुकानदारों ने मांगी निशुल्क पार्किंग की सुविधा

अखिल भारतीय उद्योग व्यापार सुरक्षा मंच के संगठन मंत्री मनीष जैन का कहना है कि सदर बाजार के आसपास नगर निगम की ओर से बनाई गई पार्किंग में दुकानदारों और व्यापारियों को निशुल्क पार्किंग की सुविधा मिलनी चाहिए।

बाजार में काम करने वाले कर्मचारियों के वाहनों के लिए भी पार्किंग की व्यवस्था होनी चाहिए। इससे दुकानदारों और कर्मचारियों को अपने वाहन खड़े करने में सुविधा मिलेगी। साथ ही दुकानों के बाहर वाहनों की पार्किंग और अतिक्रमण की समस्या कम करने में भी मदद मिलेगी।

सदर बाजार को व्यवस्थित करने की शुरुआत की गई है। इससे दुकानदारों, व्यापारियों और ग्राहकों सभी को सुविधा मिलेगी। बाजार में अतिक्रमण रोकने और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

डाॅ. आशीष सिंगला, संयुक्त आयुक्त नगर निगम गुरुग्राम।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में 700 करोड़ रुपये से मजबूत होगा सीवर नेटवर्क, बनेंगे चार नए STP; इस दिन खुलेंगे टेंडर


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।