गुरुग्राम में 700 करोड़ रुपये से मजबूत होगा सीवर नेटवर्क, बनेंगे चार नए STP; इस दिन खुलेंगे टेंडर
गुरुग्राम में सीवर नेटवर्क को मजबूत करने के लिए GMDA 700 करोड़ रुपये खर्च करेगा, जिससे शहर की सीवेज शोधन क्षमता 433 एमएलडी से बढ़कर 773 एमएलडी हो जाएगी।

700 करोड़ की लागत से दोगुनी होने जा रही गुरुग्राम की सीवेज शोधन क्षमता। जागरण
HighLights
गुरुग्राम में 700 करोड़ रुपये का सीवर नेटवर्क विस्तार।
शहर में चार नए एसटीपी और दो का विस्तार होगा।
सीवेज क्षमता 433 से बढ़कर 773 एमएलडी होगी।
संदीप रतन, गुरुग्राम। गुरुग्राम में बढ़ती आबादी और तेजी से हो रहे शहरी विस्तार के बीच सीवर नेटवर्क को मजबूत करने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) करीब 700 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इसके तहत धनवापुर, बहरामपुर और सेक्टर-107 में 100-100 एमएलडी क्षमता के तीन नए सीवेज शोधन संयंत्र (एसटीपी) विकसित किए जाएंगे।
योजना के तहत धनवापुर और बहरामपुर में 100-100 एमएलडी क्षमता के नए एसटीपी बनाए जाएंगे। इसके अलावा सेक्टर-107 में भी 100 एमएलडी क्षमता का संयंत्र विकसित किया जाएगा।
इन तीनों संयंत्रों के तैयार होने से शहर की सीवेज शोधन क्षमता में 300 एमएलडी की अतिरिक्त बढ़ोतरी होगी। इसके अलावा नौरंगपुर में 40 एमएलडी क्षमता का नया एसटीपी बनेगा। नए एसटीपी से तेजी से विकसित हो रहे आवासीय क्षेत्रों में सीवेज निस्तारण की समस्या को दूर करने में मदद मिलेगी।
जीएमडीए के एक्सईएन विभोर दूहन ने बताया कि जीएमडीए ने परियोजनाओं के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह टेंडर 26 नवंबर को खुलेंगे।
- 700 करोड़ के बजट में नए एसटीपी तैयार होंगे
- 26 नवंबर को टेंडर खुलेंगे
- 433 से बढ़कर 773 एमएलडी होगी एसटीपी की क्षमता
दो नए एसटीपी और दो पुराने संयंत्रों का भी विस्तार
जीएमडीए की सीवेज शोधन क्षमता बढ़ाने की योजना के तहत नौरंगपुर में 40 एमएलडी और सेक्टर-107 में 100 एमएलडी क्षमता के दो नए एसटीपी स्थापित करने की परियोजना भी शामिल है। इसके अलावा बहरामपुर और धनवापुर के मौजूदा एसटीपी की क्षमता में 100-100 एमएलडी की बढ़ोतरी की जाएगी।
नौरंगपुर में प्रस्तावित एसटीपी की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अधिकारियों के अनुसार इसके निर्माण की अनुमानित लागत 75 करोड़ रुपये है। हाई पावर वर्क्स कमेटी में टेंडर रेट को मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
433 से बढ़कर 773 एमएलडी होगी क्षमता
वर्तमान में गुरुग्राम में बहरामपुर, धनवापुर, जहाजगढ़ और आइएमटी मानेसर में कुल 433 एमएलडी क्षमता के एसटीपी संचालित हैं। इनमें बहरामपुर की क्षमता 170 एमएलडी, धनवापुर की 218 एमएलडी, जहाजगढ़ की 20 एमएलडी और आइएमटी मानेसर की 25 एमएलडी है। दो नए एसटीपी और दो मौजूदा संयंत्रों की क्षमता बढ़ाने की परियोजना पूरी होने पर कुल शोधन क्षमता 433 एमएलडी से बढ़कर 773 एमएलडी हो जाएगी।
नालों में नहीं बहेगा सीवर वेस्ट, यमुना नहीं होगी मैली
बार-बार यमुना एक्शन प्लान की बैठकों में एसटीपी की क्षमता बढाने और नालों को गंदा नहीं करने को लेकर जोर दिया जा रहा है। एसटीपी की क्षमता बढने और नए एसटीपी तैयार होने से नालों में सीवरयुक्त पानी नहीं पहुंचेगा। इसके साथ ही शोधित पानी का इस्तेमाल उद्योगों और निर्माण कार्यों में किया जा रहा है, अब इसकी खपत ज्यादा करने की तैयारी है। शहर के पार्कों में शोधित पानी लाइनें बिछाई जा रही हैं, ताकि सिंचाई में पीने का पानी इस्तेमाल न हो।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।