गुरुग्राम में अवैध वसूली पर पुलिस की बढ़ी सख्ती, शिकायत मिली तो जोन प्रभारी और ट्रैफिक इंस्पेक्टर पर भी गिरेगी गाज
गुरुग्राम पुलिस ने यातायात पुलिसकर्मियों और होमगार्ड द्वारा अवैध वसूली की शिकायतों पर रोक लगाने की तैयारी कर ली है। ...और पढ़ें

गुरुग्राम में अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ होगा एक्शन। फोटो-जागरण आर्काइव
HighLights
अवैध वसूली पर जोन प्रभारी, टीआई की जवाबदेही तय।
बॉडी कैम के बिना वाहन रुकवाने पर कार्रवाई होगी।
यातायात पुलिसकर्मियों का हर 60 दिन में होगा तबादला।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। यातायात पुलिसकर्मियों और होमगार्ड की ओर से अवैध वसूली की शिकायतों पर अंकुश लगाने के लिए गुरुग्राम पुलिस ने सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है। अब यातायात ड्यूटी के दौरान किसी पुलिसकर्मी, होमगार्ड या विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) की भ्रष्टाचार अथवा अवैध वसूली में संलिप्तता मिलने पर संबंधित क्षेत्र के जोन प्रभारी (जेडओ) और यातायात निरीक्षक (टीआइ) की भी जवाबदेही तय होगी।
पुलिस आयुक्त शिबास कविराज ने स्पष्ट किया है कि वर्दी की आड़ में किसी भी तरह की अवैध वसूली और अनुचित व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिसकर्मियों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी
हाल ही में इंटरनेट मीडिया पर एक होमगार्ड का वाहन चालक से उपहार के नाम पर अवैध वसूली करते हुए वीडियो प्रसारित हुआ था। इस मामले में गुरुग्राम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित होमगार्ड को गिरफ्तार किया था। इसी घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त ने पुलिस उपायुक्तों और सहायक पुलिस आयुक्तों के माध्यम से जमीनी स्तर पर तैनात पुलिसकर्मियों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
बॉडी कैम के बिना वाहन रुकवाने पर मनाही
यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान करने की कार्रवाई शरीर पर लगाए जाने वाले कैमरे की निगरानी में ही की जाएगी। बिना कैमरे के किसी वाहन को रुकवाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी। इससे वाहन चालकों और पुलिसकर्मियों के बीच होने वाली बातचीत तथा कार्रवाई में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सकेगी।
इसके अलावा पुलिस नियंत्रण कक्ष में सहायक पुलिस आयुक्त स्तर के अधिकारी सभी सीसीटीवी कैमरों की नियमित निगरानी करेंगे। फुटेज का विश्लेषण कर किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। पुलिस उपायुक्तों और सहायक पुलिस आयुक्तों को अपने-अपने क्षेत्रों में अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश देने को कहा गया है।
हर 60 दिन में बदलेगी तैनाती
पुलिस विभाग में लंबे समय तक एक ही स्थान पर तैनाती से होने वाली अनियमितताओं की आशंका कम करने के लिए प्रत्येक 60 दिन में यातायात पुलिसकर्मियों का यादृच्छिक कंप्यूटरीकृत स्थानांतरण किया जाएगा। इससे किसी एक स्थान पर कर्मचारियों की स्थायी पकड़ बनने की संभावना कम होगी।
पुलिस की वर्दी जनसेवा और नागरिकों की सुरक्षा का प्रतीक है। किसी भी कर्मचारी द्वारा भ्रष्टाचार, अवैध वसूली या अनुचित व्यवहार करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई पुलिसकर्मी या अन्य कर्मचारी ड्यूटी के दौरान अवैध मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल गुरुग्राम पुलिस को दें। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
- शिबास कविराज, पुलिस आयुक्त
यह भी पढ़ें- टोलकर्मियों की गुंडागर्दी पर NHAI का बड़ा एक्शन, बिजवासन टोल पर मारपीट के मामले में कंपनी पर 15 लाख का जुर्माना
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।