एक सप्ताह का समय मांगा, बदले में मिली गोली; डेढ़ लाख रुपये के विवाद में गुरुग्राम में पीजी संचालक की हत्या
गुरुग्राम के आचार्य पुरी में रुपयों के लेनदेन के विवाद में पीजी संचालक हेमंत कौशिक की गोली मारकर हत्या कर ...और पढ़ें
HighLights
गुरुग्राम में पीजी संचालक हेमंत कौशिक की हत्या।
डेढ़ लाख रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद।
आरोपी अमरजीत ने सिर में गोली मारी।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। आचार्य पुरी इलाके में मंगलवार शाम रुपयों के लेनदेन के विवाद में गोली मारे गए पीजी संचालक हेमंत कौशिक की देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। हेमंत को सिर में गोली लगी थी और गंभीर हालत में उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इस मामले में उनकी पत्नी ने आरोपित अमरजीत के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है। अमरजीत भिवानी का रहने वाला बताया जा रहा है।
परिवार के अनुसार, अमरजीत ने हेमंत को करीब डेढ़ लाख रुपये दिए थे। वह काफी समय से अपने रुपये वापस मांग रहा था। हेमंत ने उससे रुपये लौटाने के लिए एक सप्ताह का और समय मांगा था। इसी बात को लेकर मंगलवार रात दोनों के बीच विवाद हो गया और अमरजीत ने हेमंत को गोली मार दी।
तीसरी मंजिल पर बैठकर कर रहे थे बातचीत
हेमंत की पत्नी के अनुसार, मंगलवार रात अमरजीत उनके घर पहुंचा था। इसके बाद हेमंत और अमरजीत घर की तीसरी मंजिल पर बैठकर आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान रुपयों के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि अमरजीत ने हेमंत पर गोली चला दी। गोली उनके सिर में लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। स्वजन और आसपास के लोगों ने हेमंत को अस्पताल पहुंचाया, जहां देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पत्नी ने दर्ज कराया हत्या का केस
हेमंत की मौत के बाद उनकी पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने अमरजीत के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपित की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में ली गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपित को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- किडनैप किया, गोली मारी फिर पेड़ से लटका दी लाश... कौन थे कश्मीरी हिंदू 'प्रेमी'? 36 साल पहले बेरहमी से हुई हत्या
यह भी पढ़ें- दिल्ली में महिला के लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर विवाद, पश्चिम विहार में युवक को गोली मारी; दो हिरासत में
