गुरुग्राम से दिल्ली जाने वाले इन 5 मार्गों पर विशेष टीमें तैनात, आज से बिना PUC नहीं मिलेगी एंट्री
गुरुग्राम से दिल्ली में प्रवेश करने वाले पुराने वाहनों पर आज से प्रतिबंध लागू कर दिया गया है। जिसके तहत बीएस-सिक्स से नीचे के वाहन दिल्ली नहीं जा पाएंगे।
-1793471994676_m.webp)
गुरुग्राम के 5 मार्गों पर चेकिंग के लिए विशेष टीम तैनात। फोटो-जागरण आर्काइव
HighLights
आज से पुराने वाहनों का दिल्ली में प्रवेश प्रतिबंधित।
बीएस-सिक्स से नीचे के वाहन दिल्ली नहीं जा पाएंगे।
गुरुग्राम की दिल्ली सीमाओं पर विशेष जांच अभियान।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण पर काबू पाने के लिए आज यानी एक नवंबर से लागू हो रहे नए वाहन प्रतिबंधों को देखते हुए गुरुग्राम यातायात पुलिस ने दिल्ली से सटे सभी बार्डरों पर मोर्चा संभाल लिया है।
आज से बीएस-छह मानक से नीचे के लाखों पुराने वाहन दिल्ली में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। इसके लिए पांच प्रमुख मार्गों पर नाकेबंदी कर विशेष जांच अभियान शुरू किया गया है।
इन पांच मार्गों पर विशेष जांच
गुरुग्राम यातायात पुलिस ने दिल्ली की ओर जाने वाले आयानगर, सरहौल, कापसहेड़ा, बिजवासन, ग्वालपहाड़ी बार्डर पर विशेष टीमें तैनात की हैं। इन नाकों पर दिल्ली में प्रवेश करने वाले हर वाहन के बीएस-छह उत्सर्जन मानक, पंजीकरण विवरण और वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र की जांच की जाएगी। विशेष रूप से बाहरी राज्यों में पंजीकृत कमर्शियल वाहनों, ट्रकों और बसों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
इन वाहनों पर लगी रोक
यातायात पुलिस ने बताया कि एक नवंबर से 31 जनवरी 2027 तक दिल्ली में बीएस-छह से नीचे के डीजल और पेट्रोल वाहनों के प्रवेश और संचालन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। साथ ही बाहरी राज्यों के ट्रकों और अन्य मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर भी सख्ती रहेगी। इसमें केवल बीएस-छह, सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों को ही छूट दी गई है।
PUC के बिना दिल्ली में नो-एंट्री
दिल्ली में प्रवेश के लिए वैध पीयूसी प्रमाणपत्र अनिवार्य कर दिया गया है। गुरुग्राम में इस फैसले का व्यापक असर पड़ेगा। आंकड़ों के अनुसार शहर में 20 लाख से ज्यादा वाहन रजिस्टर्ड हैं, जिनमें सात लाख से ज्यादा वाहन 2020 से पहले के हैं।
इसके अलावा ढाई लाख कमर्शियल वाहन हैं, जिनमें करीब 60 हजार वाहन ऐसे हैं जो बीएस-छह कैटेगरी के नहीं हैं और 2020 से पहले के हैं। ये सभी वाहन अब दिल्ली नहीं जा पाएंगे।
दिल्ली जाने से पहले चेक करें कागजात
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टरों से अपील की है कि दिल्ली रवाना होने से पहले अपने वाहनों के कागजात, उत्सर्जन मानक और पीयूसी की वैधता जरूर जांच लें। प्रतिबंधित श्रेणी वाले वाहन दिल्ली की ओर न जाएं और जिन मालवाहक वाहनों को दिल्ली नहीं जाना है, वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
सरकार ने नियम बनाया है तो उसे मानना पड़ेगा। लेकिन शहर में कई ऐसी गाड़ियां हैं, जिनकी कंडीशन अच्छी है। मेरे पास भी कई गाड़ियां हैं, उनमें से एक गाड़ी इंडीवर 2018 की है, जिसे अब दिल्ली में प्रवेश नहीं मिलेगा। हालांकि, गाड़ी की हालत और कंडीशन बहुत अच्छी है। कई बार मुझे पार्टी और निजी काम से दिल्ली जाना पड़ता है। अब जाने से पहले एक बार देखना पड़ेगा।
-डॉ. मुकेश शर्मा, अध्यक्ष, रोटरी ब्लड सेंटर
मुझे हफ्ते में कई बार दिल्ली जाना पड़ता है। मेरे पास दो गाड़ियां हैं, लेकिन दोनों ही बीएस फोर माडल की है। अब नए नियम से उन्हें दिल्ली नहीं ले जा सकते। इसलिए उन्हें मजबूरन टैक्सी या अन्य तरीके से आवागमन करना पड़ेगी। इस कारण पैसा और समय दोनाें ज्यादा लगेंगे।
-प्रदीप कुमार, वाहन चालक
इस नियम का ट्रांसपोर्ट व्यवसाय पर काफी असर पड़ेगा। गुरुग्राम के कई अन्य समेत हमारे ट्रांसपोर्ट में बड़ी संख्या में गाड़ियां ऐसी हैं, जो 2020 से पहले की है। हालांकि, नियमित जांच के कारण इनकी कंडीशन भी बेहतर है। लेकिन दिल्ली का माल इन गाड़ियों से नहीं पहुंचाया जा सकेगा।इसके साथ ही समस्या समय को लेकर भी आएगी। जब पुरानी गाड़ियां बंद हो जाएंगी तो नए पर ही सारा काम निर्भर रहेगा। उससे फेरो की संख्या घटेगी और माल पहुंचने पर प्रभाव पड़ेगा। दूसरे राज्यों की गाड़ियां भी समय पर नहीं आ पाएंगी।
-प्रदीप मोदी, महासचिव, गुरुग्राम ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम-नूंह का सफर होगा सिग्नल फ्री, सोहना में बनेगा 6-लेन का एलिवेटेड कॉरिडोर; DME से कनेक्टिविटी होगी आसान
यह भी पढ़ें- 110 रुपये किराए वाली दुकानों की कीमत अब करोड़ों में; गुरुग्राम के 5 SCO पर कोर्ट का बड़ा फैसला, HSVP पर उठे सवाल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।