सात वचन के साथ 'राष्ट्र प्रथम' का संकल्प, विदाई के बाद युद्ध स्मारक पहुंचेंगे नवदंपती; कल से शुरू होगी अनोखी पहल
गुरुग्राम में नवदंपति शादी के बाद घर जाने से पहले रेजांगला युद्ध स्मारक पर वीर बलिदानियों को नमन कर 'राष्ट्र प्रथम' का संकल्प लेंगे। शहीद परिवार कल्याण फाउंडेशन की यह पहल समाज में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करेगी।
-1795363255381_m.webp)
पूर्व सैन्य अधिकारी मेजर डा. टीसी राव। फोटो-जागरण
HighLights
नवदंपति विवाह के बाद वीर बलिदानियों को नमन कर राष्ट्र प्रथम का संकल्प लेंगे।
रेजांगला युद्ध स्मारक पर दो मिनट का मौन रखकर कृतज्ञता व्यक्त करेंगे।
यह पहल समाज में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का प्रयास है।
आदित्य राज, गुरुग्राम। सात फेरे लेकर एक-दूसरे का जीवनभर साथ निभाने का वचन देने वाले नवदंपती अब एक और संकल्प के साक्षी बनेंगे। यह संकल्प होगा राष्ट्र प्रथम का। विवाह के बाद विदाई लेकर घर जाने से पहले नवदंपती वीर बलिदानियों को नमन करेंगे और उनके सम्मान में दो मिनट का मौन रखेंगे।
शहीद परिवार कल्याण फाउंडेशन की ओर से सोमवार से इस अनूठी परंपरा की शुरुआत की जाएगी। इसके तहत नवविवाहित जोड़े को रेजांगला युद्ध स्मारक पर आमंत्रित कर देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त कराई जाएगी।
क्या है इस पहल का उद्देश्य
इस पहल का उद्देश्य विवाह जैसे व्यक्तिगत और पारिवारिक उत्सव को राष्ट्रीय चेतना से जोड़ना है। नवदंपती के साथ दोनों परिवारों के सदस्य भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे। उन्हें याद दिलाया जाएगा कि आज हम जिस आजादी और सुरक्षित वातावरण में जीवन बिता रहे हैं, उसके पीछे असंख्य सैनिकों का त्याग, तपस्या और बलिदान है।
देश की सीमाओं पर तैनात जवानों की बदौलत ही देशवासी चैन की नींद सो पाते हैं। ऐसे में नई जिंदगी की शुरुआत करने वाले जोड़े का बलिदानियों के प्रति सम्मान व्यक्त करना समाज में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करेगा। फाउंडेशन ने इस पहल के लिए सोमवार को पूर्व सैनिक एलआर यादव के नाती क्षितिज और उनकी पत्नी ज्योत्सना को आमंत्रित किया है।
यह जोड़ा इस नई परंपरा का पहला सहभागी बनेगा। दोनों परिवारों की मौजूदगी में नवदंपती रेजांगला युद्ध स्मारक पहुंचकर बलिदानियों को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर वीर सैनिकों को नमन किया जाएगा।
विदेशों की परंपरा से प्रेरित होकर देश में पहल
फाउंडेशन के संयोजक एवं पूर्व सैन्य अधिकारी मेजर डा. टीसी राव का कहना है कि इजरायल, रूस और ब्रिटेन जैसे देशों में विवाह के बाद चर्च से निकलकर नवदंपती वार मेमोरियल जाते हैं और युद्ध में बलिदान हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि देते हैं। इसी भावना से प्रेरित होकर भारत में भी ऐसी परंपरा विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
सोमवार को इसकी शुरुआत के बाद तीनों सेनाओं को भी इसकी जानकारी दी जाएगी। प्रयास रहेगा कि सेना के स्तर पर भी इस पहल को प्रोत्साहन मिले और देशभर में नवदंपती विवाह के बाद बलिदानियों को नमन करने की परंपरा अपनाएं।
धीरे-धीरे परंपरा विकसित करने की कोशिश
यह पहल केवल श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को यह समझाने का प्रयास है कि परिवार और समाज के प्रति जिम्मेदारियों के साथ राष्ट्र के प्रति कर्तव्य भी उतना ही महत्वपूर्ण है। सात फेरों के साथ राष्ट्र प्रथम का संदेश नई पीढ़ी के जीवन का हिस्सा बने, यही इस पहल की मूल भावना है।
जब युवा जागरूक हो जाएंगे फिर शादी के बाद कहीं भी नजदीक युद्ध स्मारक पर जाकर बलिदानियों को नमन करेंगे। फिलहाल जागरूकता पैदा करने के लिए जिनकी शादी एक सप्ताह के भीतर हुई है, उन्हें आमंत्रित किया जाएगा। उम्मीद है धीरे-धीरे एक परंपरा विकसित हो जाएगी। फिर नवदंपती शादी के बाद घर जाने से पहले कहीं भी युद्ध स्मारक पहुंचेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।