विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली एयरपोर्ट पर एयर ट्रैफिक कंजेशन का असर, लैंडिंग की अनुमति न मिलने से कम हुआ ईंधन; डायवर्ट हुईं दो फ्लाइट

Published: Sun, 22 Nov 2026 08:37 PM (GMT+05:30)

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर 21 नवंबर की शाम भारी एयर ट्रैफिक कंजेशन के कारण हवाई यातायात प्रभावित हुआ। ईंधन की कमी के चलते दिल्ली आने वाली एयर इंडिया की दो उड़ानों को जयपुर डायवर्ट करना पड़ा,।

दिल्ली एयरपोर्ट पर एयर ट्रैफिक कंजेशन। फोटो-जागरण आर्काइव

दिल्ली एयरपोर्ट पर एयर ट्रैफिक कंजेशन। फोटो-जागरण आर्काइव

HighLights

  1. दिल्ली एयरपोर्ट पर 21 नवंबर को भारी एयर ट्रैफिक कंजेशन।

  2. ईंधन की कमी के कारण दो उड़ानें जयपुर डायवर्ट की गईं।

  3. यात्रियों को घंटों की देरी और परेशानी का सामना करना पड़ा।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर 21 नवंबर की शाम भारी एयर ट्रैफिक कंजेशन के चलते हवाई यातायात प्रभावित हुआ। दिल्ली आने वाली कई उड़ानों को समय पर लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी।

आसमान में विमानों की लंबी कतार और इंतजार के बीच ईंधन की कमी (लो फ्यूल) की स्थिति बनने पर दो विमानों को जयपुर डायवर्ट करना पड़ा।

दिल्ली एयरपोर्ट की संचालन एजेंसी दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) के सूत्रों के अनुसार, विमानों के डायवर्जन की वजह ईंधन में कमी थी। इससे यात्रियों को घंटों की देरी और परेशानी का सामना करना पड़ा।

ईंधन की स्थिति देखते हुए जयपुर में लैंडिंग

जानकारी के मुताबिक, एअर इंडिया की उड़ान संख्या एआइ-1805 विशाखापट्टनम से दिल्ली आ रही थी। एयर ट्रैफिक कंजेशन के कारण विमान को समय पर लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली। ईंधन की स्थिति को देखते हुए इसे जयपुर भेज दिया गया। वहां करीब एक घंटे रुकने के बाद रात 8:27 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरने की अनुमति मिली। विमान रात 9:05 बजे दिल्ली पहुंचा।

इसी तरह पटना से दिल्ली आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या आइएक्स-2230 को भी लो फ्यूल के चलते जयपुर डायवर्ट करना पड़ा। यह विमान रात करीब 9:50 बजे दिल्ली पहुंच सका।

एयर ट्रैफिक कंजेशन बना बड़ी वजह

आइजीआइ एयरपोर्ट देश के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में शामिल है। यहां विमानों की आवाजाही बढ़ने या परिचालन संबंधी कारणों से लैंडिंग प्रभावित होने पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) विमानों को हवा में होल्ड करने के निर्देश देता है। इस दौरान विमान लैंडिंग की अनुमति का इंतजार करते हुए चक्कर लगाते हैं। लंबे इंतजार से ईंधन की खपत बढ़ सकती है और पायलटों को वैकल्पिक एयरपोर्ट पर उतरने का फैसला लेना पड़ सकता है।

सुरक्षा के लिए जरूरी है डायवर्जन

कमर्शियल विमानों में गंतव्य तक पहुंचने के अलावा वैकल्पिक एयरपोर्ट और आपात परिस्थितियों के लिए भी अतिरिक्त ईंधन रखा जाता है। लो फ्यूल की स्थिति में पायलट सुरक्षित लैंडिंग को प्राथमिकता देते हुए दूसरे एयरपोर्ट पर उतर सकते हैं। हालांकि, लो फ्यूल का मतलब यह नहीं है कि विमान का ईंधन पूरी तरह खत्म हो गया था या उसने आपातकाल घोषित कर दिया था।

यह भी पढ़ें- 'मुझे Brezza चाहिए Aura नहीं', दहेज में मनचाही कार न मिलने पर भड़का दिल्ली पुलिस का जवान; मंडप से लौटाई बारात

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।