'मुझे Brezza चाहिए Aura नहीं', दहेज में मनचाही कार न मिलने पर भड़का दिल्ली पुलिस का जवान; मंडप से लौटाई बारात
दिल्ली पुलिस के एक जवान पर दहेज में ब्रेजा कार न मिलने पर बारात मंडप से वापस ले जाने का आरोप लगा है। दुल्हन पक्ष का कहना है कि उन्होंने शादी की तैयारियों पर लाखों खर्च किए थे, अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-1795347391462_m.webp)
ब्रेजा की मांग पूरी न हुई तो बरात लेकर बैरंग लौटा दिल्ली पुलिस का जवान। प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
दहेज में ब्रेजा कार न मिलने पर दूल्हा लौटा।
दुल्हन पक्ष ने शादी पर लाखों रुपये खर्च किए थे।
पुलिस ने शिकायत पर दोनों पक्षों को तलब किया।
जागरण संवाददाता, सोनीपत। शहर के गांधी नगर के दिल्ली पुलिस में कार्यरत एक दूल्हे पर दहेज में ब्रेजा गाड़ी न मिलने पर बात वापस ले जाने का आरोप लगा है।
दुल्हन पक्ष का कहना है कि शादी की तैयारियों पर करीब 25 से 30 लाख रुपये खर्च कर दिए थे और 1200 लोगों के स्वागत का इंतजाम किया था, लेकिन ऐन वक्त पर बारात वापस लौट गया। पीड़ित पिता की शिकायत पर पुलिस ने दोनों पक्षों को तलब कर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली पुलिस में तैनात है दुल्हा
गोहाना के गांधी नगर के युवक की शादी करीब छह महीने पहले सोनीपत के राम नगर की एमए व जेबीटी पास युवती से तय हुई थी। युवक 12वीं पास है और दिल्ली पुलिस में तैनात है। 19 नवंबर को गांधी नगर में दोनों की सगाई की रस्म धूमधाम से संपन्न हुई।
दुल्हन के पिता का कहना है कि उन्होंने दहेज में देने के लिए करीब नौ लाख रुपये की ऑरा कार बुक करवाई थी। लेकिन दूल्हे ने यह कहकर ऑरा कार लेने से इनकार कर दिया कि यह गाड़ी तो टैक्सी में चलती है और उसे दहेज में हर हाल में ब्रेजा गाड़ी ही चाहिए।
कम समय के कारण नहीं हो सकी बुकिंग
दुल्हन पक्ष का कहना है कि उन्होंने दूल्हे की जिद के आगे झुकते हुए आनन-फानन में ऑरा कार की बुकिंग रद करवा दी। शादी में महज एक दिन का समय बचा होने के कारण ब्रेजा गाड़ी की तत्काल बुकिंग संभव नहीं हो पाई। दुल्हन पक्ष का कहना है कि उन्होंने अपनी हैसियत से बढ़कर इंतजाम किए थे।
गाड़ी के अलावा दूल्हे, उसकी मां और भाई-भाभी को भी जेवर दिए जाने थे। मुरथल रोड स्थित एक वाटिका में 20 नवंबर को शादी का भव्य आयोजन रखा गया था, जहां 1200 मेहमानों के लिए भोजन तैयार था। दुल्हन के पिता का आरोप है कि शादी वाले दिन दूल्हा अपनी मां के साथ पहले सादे कपड़ों में वाटिका पहुंचा।
जब वहां उसे अपनी मांग के मुताबिक ब्रेजा गाड़ी खड़ी नहीं मिली, तो वह भड़क गया और बिना शादी किए ही बरात को वापस गोहाना ले गया। इस घटना से आहत दुल्हन के पिता ने पुलिस को शिकायत देकर दूल्हे और उसके स्वजन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने संज्ञान लेते हुए दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए तलब किया है। पुलिस ने अभी केस दर्ज नहीं किया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।