विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में नीतू हत्याकांड पर फूटा गुस्सा, 24 घंटे में गिरफ्तारी के आश्वासन पर खुला हाईवे का जाम

Published: Sat, 17 Oct 2026 03:18 PM (IST)

नीतू हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज दौला गांव के ग्रामीणों और परिजनों ने सोहना-गुरुग्राम मुख्य मार्ग ...और पढ़ें

मृतका के परिवार की महिलाएं सोहना-गुरुग्राम मुख्य मार्ग पर चिल्ड प्वाइंट के समीप धरने पर बैठ गईं।

मृतका के परिवार की महिलाएं सोहना-गुरुग्राम मुख्य मार्ग पर चिल्ड प्वाइंट के समीप धरने पर बैठ गईं।

HighLights

  1. नीतू हत्याकांड में गिरफ्तारी न होने पर ग्रामीणों का प्रदर्शन।

  2. सोहना-गुरुग्राम मुख्य मार्ग पर डेढ़ घंटे तक जाम।

  3. पुलिस ने 24 घंटे में गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।

जागरण संवाददाता, सोहना (गुरुगाम)। दौला गांव में 35 वर्षीय नीतू की हत्या के मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज स्वजन और ग्रामीणों का गुस्सा शनिवार को सड़क पर फूट पड़ा। मृतका के परिवार की महिलाएं सोहना-गुरुग्राम मुख्य मार्ग पर चिल्ड प्वाइंट के समीप धरने पर बैठ गईं।

देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात ठप हो गया। करीब डेढ़ घंटे तक चले जाम से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान दो एंबुलेंस भी जाम में फंस गईं। हालांकि, लोगों ने पुलिस के सहयोग से एंबुलेंस को निकालने के लिए रास्ता दिया।

युवाओं ने भी जाम लगा दिया

महिलाओं की मांग थी कि नीतू की हत्या करने वालों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। स्वजन ने पोस्टमार्टम से पहले आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग भी उठाई। जाम की सूचना मिलते ही एसीपी मुकेश यादव और सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन वे गिरफ्तारी की मांग पर अड़ी रहीं। सड़क के दूसरी ओर गांव के युवाओं ने भी जाम लगा दिया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी सक्रिय रहे।

पूर्व मंत्री संजय सिंह भी मौके पर पहुंचे

डीसीपी साउथ आयुष यादव सोहना पहुंचे और दौला गांव के गणमान्य लोगों से बातचीत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस आरोपितों तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। लोगों से शांति बनाए रखने और जांच में सहयोग करने की अपील की गई।

पुलिस कमिश्नर ने भी लोगों को 24 घंटे के भीतर आरोपितों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी सड़क से हटे और यातायात बहाल हो सका। पूर्व मंत्री संजय सिंह भी मौके पर पहुंचे।

सीआइए टीमों के साथ फोरेंसिक विशेषज्ञ जुटे जांच में

नीतू की हत्या के मामले की जांच के लिए सेक्टर-31, मानेसर और सोहना की सीआइए टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए डाक्टरों के पैनल की व्यवस्था की है।

बता दें कि शुक्रवार को दौला गांव में नीतू की हत्या कर दी गई थी। वह एक शिक्षक की पत्नी थीं। उनके पति प्रशांत के अनुसार, तलाश करने पर नीतू बाथरूम में पड़ी मिली थीं। उनके दोनों हाथ पीछे की ओर रस्सी से बंधे हुए थे और मुंह पर खाकी रंग की पैकिंग टेप की कई परतें चिपकी हुई थीं।

यह भी पढ़ें- Exclusive: दुनिया के टॉप 2% वैज्ञानिकों की लिस्ट में गुरुग्राम की बेटी का नाम, सपना ने शोध के दम पर बनाई पहचान

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम से दिल्ली आने वाले BS4 कॉमर्शियल वाहनों की एंट्री होगी बंद, जानें कब से किसे मिली है छूट?