गुरुग्राम में मेट्रो विस्तार की तैयारी तेज, हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक रास्ता होगा साफ
गुरुग्राम में हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण की तैयारियां तेज हो गई हैं, ...और पढ़ें

पुराने और नए गुरुग्राम के बीच मेट्रो संपर्क मजबूत करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। एआई इमेज
HighLights
हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक मेट्रो विस्तार।
बिजली लाइनों और उपकेंद्रों को स्थानांतरित करने का कार्य जारी।
सार्वजनिक परिवहन सुधरेगा, दिल्ली मेट्रो से जुड़ेगा गुरुग्राम।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। पुराने और नए गुरुग्राम के बीच मेट्रो संपर्क मजबूत करने की दिशा में हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक प्रस्तावित मेट्रो गलियारे के निर्माण की तैयारियां तेज हो गई हैं। परियोजना के रास्ते में बिजली लाइनों और उपकेंद्रों को स्थानांतरित करने से जुड़ी बाधाओं को दूर किया जा रहा है।
लंबित कार्य तय समय में पूरा करने के निर्देश
गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के सीईओ पीसी मीणा की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में स्पष्ट हुआ कि फिलहाल परियोजना के सामने कोई बड़ी बाधा नहीं है। अधिकारियों को लंबित कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
बिजली उपकेंद्र को हटाना भी जरूरी
बैठक में बताया गया कि प्रस्तावित मेट्रो मार्ग पर नौ बिजली फीडर प्रभावित हो रहे थे। इनमें से छह को स्थानांतरित किया जा चुका है, जबकि शेष तीन फीडरों को हटाने की प्रक्रिया जारी है। जीएमडीए के सीईओ ने गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) के अधिकारियों को हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम और बिजली वितरण कंपनियों के साथ समन्वय कर शेष कार्यों की समयसीमा तय करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण में अनावश्यक देरी न हो। मार्ग में मौजूद बिजली उपकेंद्र को हटाना भी जरूरी है।
कोई बड़ी बाधा भी फिलहाल सामने नहीं आई
अधिकारियों के अनुसार, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से 66 केवी क्षमता का नया बिजली उपकेंद्र बनाया जा रहा है। इसके दिसंबर 2026 तक तैयार होने की संभावना है। नया उपकेंद्र चालू होने के बाद मौजूदा उपकेंद्र हटाया जाएगा, जिससे मेट्रो निर्माण का रास्ता साफ करने में मदद मिलेगी। सीवरेज, पेयजल आपूर्ति और वर्षा जल निकासी से जुड़ी कोई बड़ी बाधा भी फिलहाल सामने नहीं आई है।
पुराने और नए गुरुग्राम के बीच मजबूत होगा संपर्क
हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक मेट्रो संपर्क विकसित होने से आसपास के क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन की सुविधा बेहतर होने और सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। इससे रेवाड़ी और झज्जर की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को भी लाभ मिल सकता है। हालांकि, इसका वास्तविक लाभ मेट्रो मार्ग के अंतिम स्वरूप और यात्रियों को मिलने वाली कनेक्टिविटी पर निर्भर करेगा।
इस नई मेट्रो से क्या मिलेगा लाभ?
- गुरुग्राम मेट्रो परियोजना के पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर-9 तक 15.2 किलोमीटर लंबे गलियारे का निर्माण किया जा रहा है।
- योजना में सेक्टर-45, साइबर पार्क, सेक्टर-47, सुभाष चौक, सेक्टर-48, सेक्टर-72ए, हीरो होंडा चौक, उद्योग विहार फेज-6, सेक्टर-10, सेक्टर-37 और बसई सहित प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ने का प्रस्ताव है।
- द्वारका एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-101 तक संपर्क की योजना भी इसमें शामिल है।
- मिलेनियम सिटी सेंटर स्टेशन पर यात्रियों को दिल्ली मेट्रो की पीली लाइन से जुड़ने की सुविधा मिलेगी।
बैठक में जीएमआरएल के उप महाप्रबंधक मधुर गोयल, एनएचएआइ की रेवाड़ी परियोजना कार्यान्वयन इकाई के परियोजना निदेशक योगेश तिलक, जीएमडीए के मुख्य अभियंता प्रवीण चौधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
