24 घंटे से बत्ती गुल- गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी और नूंह में लोगों का टूटा सब्र; फ्लाईओवर तो कहीं सड़क किया जाम
गुरुग्राम और फरीदाबाद में लंबे समय से बिजली कटौती से परेशान जनता सड़कों पर उतर आई। लोगों ने दौलताबाद फ्लाईओवर ...और पढ़ें

बिजली न आने के विरोध में गुरुग्राम में भी दौलताबाद फ्लाईओवर को लोगों ने जाम कर दिया था।
HighLights
गुरुग्राम और फरीदाबाद में बिजली कटौती से लोग परेशान।
दौलताबाद फ्लाईओवर और तिगांव रोड पर जनता ने जाम लगाया।
बिजली निगम के निजीकरण के विरोध में हड़ताल का असर।
डिजिटल डेस्क, गुरुग्राम/फरीदाबाद। बिजली की दिक्कत से आजिज आकर गुरुवार की शाम को गुरुग्राम और फरीदाबाद की जनता सड़क पर उतर आई। साइबर सिटी में जहां दौलताबाद फ्लाईओवर को लोगों ने जाम कर दिया तो वहीं फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में आजाद नगर के निवासियों ने तीगांव रोड को बंद कर दिया। इस घुप्प अंधेरे से नूंह भी अछूता नहीं रहा। पढ़ें, गुरुग्राम से जागरण संवाददाता विनय त्रिवेदी, फरीदाबाद से अनिल बेताब, रेवाड़ी से मुकेश शर्मा और नूंह से मोहम्मद हारून की यह खास रिपोर्ट...
हाथों में मोमबत्ती लेकर सड़क पर उतरे
बिजली सप्लाई ठप्प होने के कारण पानी और रोजमर्रा की जीवनशैली में आने वाली परेशानी पर गुरुवार की शाम को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग हाथों में मोमबत्ती लेकर विरोध दर्ज कराते लोगों ने इस अव्यवस्था के लिए स्थानीय प्रशासन को लापरवाह कहा। उधर, लंबे समय से बिजली न आने से बंद हो चुके इनवर्टरों के चलते दुकानों में भी अंधेरा पसर गया। लोग मोबाइल की रोशनी में जरूरी सामाना खरीदते दिखे।
दौलताबाद फ्लाईओवर को कर दिया जाम
बिजली न आने के विरोध में गुरुग्राम में भी दौलताबाद फ्लाईओवर को लोगों ने जाम कर दिया था। करीब एक घंटे तक लोगों द्वारा जाम लगाए जाने के बाद बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी यहां पहुंचे। पुलिस प्रशासन के आश्वासन और फिर तुरंत ही बिजली निगम के कर्मचारियों द्वारा फाल्ट सही करके बिजली बहाल कर दी। 22 घंटे बाद गुरुग्राम के सेक्टर 5, रेलवे रोड समेत कई इलाकों में बिजली व्यवस्था सुचारू हो पाई।

24 घंटे बत्ती गुल, तिगांव रोड किया बंद
उधर, फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में बुधवार रात 10 बजे से लाइट नहीं आने कारण आजाद नगर निवासियों ने तीगांव रोड को बंद कर दिया। इससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि बुधवार रात से लाइट नहीं आ रही है। पानी की बोतल भी 40 में बिक रही है। प्यास बुझाना मुश्किल हो गया है। यहां की जवाहर कॉलोनी मार्केट में तो घुप्प अंधेरा छा गया।

नूंह में भी बिजली न आने से पसरा अंधेरा
नूंह और गुरुग्राम में बिजली व्यवस्था निजी कंपनी को सौंपने के विरोध में कर्मचारियों की हड़ताल का असर अब जनजीवन पर पड़ने लगा है। मेवात के शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली संकट गहरा गया है। पुन्हाना शहर में पिछले 24 घंटे से बिजली गुल है, जबकि तावडू में भी सुबह से बिजली नहीं आने के कारण रात को बाजारों में अंधेरा छाया रहा। जिले का 80 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र बिजली संकट से जूझ रहा है।
बिजली कर्मचारियों की हड़ताल से रेवाड़ी में ब्लैकआउट
बिजली कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल का पहले दिन बृहस्पतिवार को रेवाड़ी में व्यापक असर देखने को मिला।
बिजली आपूर्ति व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित होने के कारण दिन के समय आधा शहर बिजली कटौती से जूझता रहा, जबकि रात्रि के समय पूरा शहर ब्लैकआउट की स्थिति में पहुंच गया।
अचानक बिजली गुल होने से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। घरों से लेकर दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहने से लोगों के रोजमर्रा के कामकाज पर असर पड़ा।
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम-नूंह में बिजली के निजीकरण पर कांग्रेस का विरोध, जिलाध्यक्ष वर्धन यादव ने दी आंदोलन की चेतावनी
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम के सुशांत लोक में 5 मंजिला इमारत दो दिन में डेढ़ इंच और झुकी, प्रशासन ने की तोड़ने की तैयारी
