हिंदू बनकर मंदिर में शादी, फिर मुस्लिम बताकर धर्म परिवर्तन का दबाव; गुरुग्राम में ‘लव जिहाद’ से सनसनी
गुरुग्राम में एक महिला ने लव जिहाद का आरोप लगाया है। युवक ने खुद को हिंदू बताकर मंदिर में शादी ...और पढ़ें

गुरुग्राम में लव जिहाद का मामला। (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। जिले में एक बार फिर लव जिहाद का मामला सामने आया है। एक महिला ने आरोप लगाया है कि एक युवक ने खुद को हिंदू बताकर उससे प्रेम संबंध बनाए, मंदिर में विवाह किया और संतान होने के बाद अपनी असली पहचान मुस्लिम बताकर उस पर जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। पीड़िता ने युवक, उसके परिजनों और सहयोगियों पर मारपीट, धमकी, ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2022 में वह गुरुग्राम के सेक्टर-15 पार्ट-दो स्थित एक आटोमोबाइल वर्कशाप में इंश्योरेंस विभाग में कार्यरत थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात तारीफ खान नामक युवक से हुई, जिसने उसे अपने मालिक आरव के रूप में परिचित कराए गए आरिफ खान से मिलवाया।
आरोप है कि आरिफ ने खुद को अविवाहित, हिंदू और ठेकेदारी व्यवसाय से जुड़ा बताया। महिला और उसके परिवार का विश्वास जीतने के बाद उसने विवाह का वादा किया।
आगे बताया गया कि आरिफ महिला को सोहना–पलवल रोड स्थित एक मंदिर ले गया, जहां हिंदू रीति-रिवाज से माला बदलकर और सिंदूर लगाकर विवाह किया गया। इसके बाद दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे। कुछ समय बाद महिला गर्भवती हो गई।
यह भी पढ़ें- KMP एक्सप्रेसवे पर क्यों हो रहे इतने हादसे? सामने आई बड़ी वजह; 135 KM के सफर में नहीं कोई जनसुविधा
विरोध करने पर बनाया आपत्तिजनक वीडियो
आरोप है कि तब आरिफ ने गर्भपात कराने का दबाव बनाया और मना करने पर आपत्तिजनक वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी। महिला ने अगस्त 2023 में एक निजी अस्पताल में सीजेरियन प्रसव से बेटे को जन्म दिया। इसके करीब डेढ़ महीने बाद उसे पता चला कि आरिफ मुस्लिम है, पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं।
आरोप है कि इसके बाद उसे गांव धुनेला ले जाया गया, जहां जबरन मुस्लिम रीति-रिवाज अपनाने, नाम बदलने, नमाज पढ़ने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और बच्चे को जान से मारने की धमकी दी गई।
सास, पत्नी और भाइयों ने मिलकर उस पर इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बनाया। किसी तरह वह वहां से भागकर अपने मायके बिहार पहुंची और बाद में गुरुग्राम लौटकर काम करने लगी। इसके बावजूद आरोपित युवक उसके किराए के मकान में जबरन घुसकर मारपीट करता रहा।
महिला का कहना है कि बीती 26 जनवरी की रात राजीव नगर स्थित उसके घर में जबरन घुसकर फिर से धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता ने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और अपने व परिवार की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
