यूके से भारत आए इंजीनियर की गुरुग्राम के होटल में मौत, जकूजी से मिला शव; दवाओं की पुड़िया बरामद
गुरुग्राम के सेक्टर-53 स्थित ओरसम होटल के जकूजी में 35 वर्षीय इंजीनियर प्रांजल पाठक का शव मिला है। पुलिस को ...और पढ़ें

सेक्टर-53 के ओरसम होटल के जकूजी में मिले 35 वर्षीय इंजीनियर प्रांजल पाठक (इनसेट) के शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है।
HighLights
गुरुग्राम होटल जकूजी में इंजीनियर प्रांजल पाठक का शव मिला।
कमरे से बिना नाम की संदिग्ध दवाएं बरामद, हार्ट अटैक की आशंका।
पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, आगे की जांच जारी।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। सेक्टर-53 के ओरसम होटल के जकूजी में मिले 35 वर्षीय इंजीनियर प्रांजल पाठक के शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। पुलिस को अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
सेक्टर-53 थाना पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया। पुलिस को होटल के कमरे से बिना नाम की दवाओं की एक पुड़िया मिली है। पुलिस को शक है कि युवक ने इन दवाओं का सेवन किया था। इसके बाद जकूजी में हार्ट अटैक आने से उसकी मौत हो गई।
जांच में होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं। फुटेज में प्रांजल के कमरे में कोई भी बाहरी व्यक्ति जाता नहीं दिखा है। कमरा अंदर से बंद मिला था। प्रांजल मूल रूप से आगरा की ईदगाह काॅलोनी के रहने वाले थे और यूके के मैनचेस्टर में एक मल्टीनेशनल कंपनी में इंजीनियर थे। वह अपने दोस्त के साथ 24 अक्टूबर को भारत आए थे।
ऋषिकेश में घूमने के बाद वह रविवार रात एक दोस्त को दिल्ली एयरपोर्ट छोड़ने आए थे और रात में रुकने के लिए उन्हें सेक्टर-53 के होटल में कमरा बुक किया था। सेक्टर-53 थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में इसे हार्ट अटैक बताया गया है। पुलिस के अनुसार प्रांजल के पिता उत्तर प्रदेश पुलिस से रिटायर्ड हैं। वह इकलौते बेटे थे। इनकी एक बहन है जो यूके में ही रहती हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।