एक स्कूटी पर सवार थे तीन युवक, गुरुग्राम के ब्रिस्टल चौक अंडरपास में बिगड़ा संतुलन; 25 वर्षीय वंश की मौत
गुरुग्राम के ब्रिस्टल चौक अंडरपास में देर रात एक स्कूटी पर सवार तीन युवक दुर्घटनाग्रस्त हो गए, जिसमें 25 वर्षीय ...और पढ़ें

डीएलएफ फेज-एक थाना क्षेत्र के ब्रिस्टल चौक अंडरपास में देर रात एक सड़क हादसा हो गया।
HighLights
गुरुग्राम के ब्रिस्टल चौक पर स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हुई।
हादसे में 25 वर्षीय वंश की मौके पर मौत।
दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। डीएलएफ फेज-एक थाना क्षेत्र के ब्रिस्टल चौक अंडरपास में देर रात एक सड़क हादसा हो गया। एक ही स्कूटी पर सवार होकर जा रहे तीन युवक अंडरपास में अनियंत्रित होकर गिर गए। हादसे में तीनों को गंभीर चोटें आईं। इनमें से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय वंश के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पंजाब का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, तीनों युवक डीएलएफ फेज-1 में किराये पर रहते थे और गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में काम करते थे।
सोमवार देर रात करीब साढ़े एक बजे तीनों एक ही स्कूटी पर सवार होकर खाना खाने के लिए निकले थे। जैसे ही वे ब्रिस्टल चौक अंडरपास में दाखिल हुए, तेज रफ्तार के कारण स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और तीनों सड़क पर जा गिरे।
राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। डीएलएफ फेज-एक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान वंश ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के स्वजन से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, घायल दो अन्य युवकों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस अंडरपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।