धर्मांतरण प्रकरण में सामने आई ये सच्चाई, 20 साल पहले हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई बना था प्रबीन, अब पहुंचा सलाखों के पीछे
पुलिस ने गुरुग्राम के घाटा गांव में मतांतरण के लिए प्रेरित करने के मामले में प्रबीन को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। प्रबीन 'पैशन मूवमेंट इंटरनेशनल एनजीओ' का संचालन करता था, जिसकी फंडिंग और नेटवर्क की जांच जारी है, जबकि मुख्य आरोपी डॉ. पीटर फरार है।

गुरुग्राम मतांतरण केस: 20 साल पहले हिंदू से ईसाई बना प्रबीन गिरफ्तार ( फोटो स्रोत : जागरण )
HighLights
प्रबीन दिल्ली से गिरफ्तार, घाटा गांव मतांतरण मामले में अहम कड़ी।
'पैशन मूवमेंट इंटरनेशनल एनजीओ' बच्चों को मतांतरण के लिए प्रेरित करता था।
मुख्य आरोपी डॉ. पीटर फरार, फंडिंग और नेटवर्क की जांच जारी।
आदित्य राज, गुरुग्राम। गांव घाटा में पाठशाला की आड़ में बच्चों को मतांतरण के लिए प्रेरित करने के मामले की जांच में पुलिस को कई अहम जानकारियां मिली हैं। इस मामले में दिल्ली के बुराड़ी से गिरफ्तार प्रबीन एनजीओ के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा था।
करीब 20 साल पहले हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई बना प्रबीन पैशन मूवमेंट इंटरनेशनल एनजीओ में 25 हजार रुपये मासिक वेतन पर काम कर रहा था। वह एनजीओ संचालक डॉ पीटर का रिश्ते में जीजा बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे तीन दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस छानबीन में सामने आई ये सच्चाई
प्रारंभिक छानबीन में सामने आया है कि प्रबीन शुरुआत में एनजीओ में साधारण वॉलंटियर के रूप में काम करता था। धीरे-धीरे उसने डॉ पीटर का विश्वास जीत लिया। इसके बाद उसे एनजीओ के माध्यम से संचालित पाठशालाओं की देखरेख और कामकाज संभालने की जिम्मेदारी सौंप दी गई।
14 नवंबर को गांव घाटा में बच्चों को पढ़ाने के नाम पर संचालित पाठशाला में मतांतरण के लिए प्रेरित करने के खेल का पर्दाफाश हुआ था। पुलिस ने मौके से मणिपुर और मिजोरम की रहने वाली चार महिलाओं को पकड़ा था।
उनसे पूछताछ के दौरान डॉ पीटर, उसकी पत्नी और अन्य लोगों की भूमिका सामने आई थी। इसी कड़ी में प्रबीन की गिरफ्तारी हुई। पूछताछ में गुरुग्राम के घाटा गांव के अलावा दिल्ली के मुंडका इलाके में भी एनजीओ के माध्यम से पाठशाला संचालित किए जाने की जानकारी मिली है।
इसी आधार पर गुरुग्राम पुलिस बृहस्पतिवार को मुंडका पहुंची और डॉ पीटर की तलाश में छापेमारी की, लेकिन वह हाथ नहीं आया। पुलिस उसकी पत्नी की भी तलाश कर रही है। डॉ पीटर सप्ताह में या फिर 15 दिन में एक बार किसी सेंटर पर जाता था। डॉ पीटर जल्द से जल्द गिरफ्त में आए इसके लिए दिल्ली पुलिस का भी सहयोग गुरुग्राम पुलिस ले रही है।
डॉ. पीटर की गिरफ्तारी से खुलेगा फंडिंग का राज
सूत्रों के अनुसार, प्रबीन करीब 15 साल पहले मणिपुर से दिल्ली आया था। वहीं, डॉ पीटर पहले दिल्ली के एक सरकारी अस्पताल में कार्यरत था। बाद में उसने अस्पताल की नौकरी छोड़कर निजी प्रैक्टिस शुरू कर दी।
इसी दौरान उसने पैशन मूवमेंट इंटरनेशनल एनजीओ बनाया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में घाटा गांव में कार्यरत वालिंटियरों से जुड़े करीब 65 हजार रुपये के लेन-देन की जानकारी मिली है। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि एनजीओ को पैसा कहां से मिलता था, उसका इस्तेमाल किन गतिविधियों में किया जाता था और अब तक कितने लोगों को इस नेटवर्क के माध्यम से मतांतरण के लिए प्रेरित किया गया।
एनजीओ के एफसीआरए के तहत पंजीकृत नहीं होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के अनुसार, डॉ पीटर की गिरफ्तारी के बाद ही एनजीओ के गठन, फंडिंग के स्रोत, खर्च और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी सामने आएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।