EXCLUSIVE: कौन है मतांतरण की पाठशालाएं चलाने वाला प्रबीन, 20 साल पहले बना था हिंदू से ईसाई
गुरुग्राम के घाटा गांव में मतांतरण के लिए बच्चों को प्रेरित करने के मामले में पुलिस ने प्रबीन को गिरफ्तार ...और पढ़ें

घाटा गांव के इसी इलाके में चल रही थी मतांतरण की पाठशाला। जागरण
HighLights
प्रबीन को गुरुग्राम मतांतरण पाठशाला मामले में गिरफ्तार किया गया।
वह 'पैशन मूवमेंट इंटरनेशनल एनजीओ' में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था।
पुलिस एनजीओ की फंडिंग व डॉ. पीटर की तलाश में।
आदित्य राज, गुरुग्राम। गुरुग्राम के गांव घाटा में पाठशाला की आड़ में बच्चों को मतांतरण के लिए प्रेरित करने के मामले की जांच में पुलिस को कई अहम जानकारियां मिली हैं। इस मामले में दिल्ली के बुराड़ी से गिरफ्तार प्रबीन एनजीओ के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा था।
करीब 20 साल पहले हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई बना प्रबीन पैशन मूवमेंट इंटरनेशनल एनजीओ में 25 हजार रुपये मासिक वेतन पर काम कर रहा था। वह एनजीओ संचालक डॉ. पीटर का रिश्ते में जीजा बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे तीन दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रारंभिक छानबीन में सामने आया है कि प्रबीन शुरुआत में एनजीओ में साधारण वालिंटियर के रूप में काम करता था। धीरे-धीरे उसने डॉ. पीटर का विश्वास जीत लिया। इसके बाद उसे एनजीओ के माध्यम से संचालित पाठशालाओं की देखरेख और कामकाज संभालने की जिम्मेदारी सौंप दी गई।
14 नवंबर को हुआ था मतांतरण की पाठशाला का पर्दाफाश
14 नवंबर को गांव घाटा में बच्चों को पढ़ाने के नाम पर संचालित पाठशाला में मतांतरण के लिए प्रेरित करने के खेल का पर्दाफाश हुआ था। पुलिस ने मौके से मणिपुर और मिजोरम की रहने वाली चार महिलाओं को पकड़ा था। उनसे पूछताछ के दौरान डॉ. पीटर, उसकी पत्नी और अन्य लोगों की भूमिका सामने आई थी। इसी कड़ी में प्रबीन की गिरफ्तारी हुई।
पूछताछ में गुरुग्राम के घाटा गांव के अलावा दिल्ली के मुंडका इलाके में भी एनजीओ के माध्यम से पाठशाला संचालित किए जाने की जानकारी मिली है। इसी आधार पर गुरुग्राम पुलिस बृहस्पतिवार को मुंडका पहुंची और डॉ. पीटर की तलाश में छापेमारी की, लेकिन वह हाथ नहीं आया।
पुलिस उसकी पत्नी की भी तलाश कर रही है। डॉ. पीटर सप्ताह में या फिर 15 दिन में एक बार किसी सेंटर पर जाता था। डॉ. पीटर जल्द से जल्द गिरफ्त में आए इसके लिए दिल्ली पुलिस का भी सहयोग गुरुग्राम पुलिस ले रही है।
डॉ. पीटर की गिरफ्तारी से खुलेगा फंडिंग का राज
सूत्रों के अनुसार, प्रबीन करीब 15 साल पहले मणिपुर से दिल्ली आया था। वहीं, डॉ. पीटर पहले दिल्ली के एक सरकारी अस्पताल में कार्यरत था। बाद में उसने अस्पताल की नौकरी छोड़कर निजी प्रैक्टिस शुरू कर दी। इसी दौरान उसने पैशन मूवमेंट इंटरनेशनल एनजीओ बनाया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में घाटा गांव में कार्यरत वालिंटियरों से जुड़े करीब 65 हजार रुपये के लेन-देन की जानकारी मिली है। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि एनजीओ को पैसा कहां से मिलता था, उसका इस्तेमाल किन गतिविधियों में किया जाता था और अब तक कितने लोगों को इस नेटवर्क के माध्यम से मतांतरण के लिए प्रेरित किया गया।
एनजीओ के एफसीआरए के तहत पंजीकृत नहीं होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के अनुसार, डॉ. पीटर की गिरफ्तारी के बाद ही एनजीओ के गठन, फंडिंग के स्रोत, खर्च और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी सामने आएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।