विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पुराना वाहन छोड़ BS-6 खरीदें, 8% छूट; वाहन लोन के ब्याज में भी मिलेगी 5% की रियायत

Published: Thu, 29 Oct 2026 10:26 AM (IST)

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में पुराने वाहनों की जगह बीएस-6 वाहन अपनाने के लिए परिवर्तन योजना लागू की गई है।

आरटीए सचिव संजीव सिंगला ने हितधारकों के साथ की बैठक।

आरटीए सचिव संजीव सिंगला ने हितधारकों के साथ की बैठक।

HighLights

  1. पुराने वाहन छोड़ बीएस-6 खरीदने पर 8% छूट।

  2. पंजीकरण शुल्क और मोटर वाहन कर में शत-प्रतिशत छूट।

  3. वाहन ऋण पर ब्याज दर में 5% की राहत।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में पुराने वाहनों की जगह बीएस-6 मानक वाले नए वाहन अपनाने को प्रोत्साहित करने के लिए लागू परिवर्तन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की तैयारी तेज कर दी गई है।

इसके तहत पात्र वाहन स्वामियों को नए वाहन की एक्स-शोरूम कीमत पर आठ प्रतिशत छूट सहित कई वित्तीय लाभ दिए जाने का प्रावधान है। योजना की जानकारी अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए जिला परिवहन अधिकारी एवं क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) के सचिव संजीव सिंगला की अध्यक्षता में बैठक हुई।

बैठक में शामिल हुए तमाम लोग

बैठक में ट्रांसपोर्टर्स, वाहन डीलर्स, मूल उपकरण निर्माता (ओईएम), स्क्रैप डीलर्स और बैंकर्स ने भाग लिया। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के प्रतिनिधि मनीष तिवारी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रस्तुतीकरण देकर योजना के उद्देश्य, पात्रता, प्रक्रिया और लाभों की जानकारी दी।

बीएस-6 वाहन खरीदने पर प्रोत्साहन देंगे

संजीव सिंगला ने बताया कि योजना के तहत निर्धारित शर्तें पूरी करने वाले वाहन स्वामियों को पुराने वाहन के स्थान पर नया बीएस-6 वाहन खरीदने पर प्रोत्साहन दिया जाएगा। इसमें एक्स-शोरूम कीमत पर आठ प्रतिशत छूट, पंजीकरण शुल्क में शत-प्रतिशत छूट और पात्र मामलों में 10 वर्ष तक मोटर वाहन कर में शत-प्रतिशत छूट का प्रविधान है।

वाहन ऋण लेने की स्थिति में ब्याज दर पर पांच प्रतिशत की छूट भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ लेने के लिए पुराने वाहन का निर्धारित नियमों के अनुसार निस्तारण करना जरूरी है। इसमें वाहन डीलर्स और स्क्रैप डीलर्स की भूमिका महत्वपूर्ण है। सभी हितधारक वाहन स्वामियों को पात्रता, जरूरी दस्तावेजों और आवेदन प्रक्रिया की सही जानकारी दें, ताकि अधिक से अधिक लोग योजना का लाभ उठा सकें।

समन्वय बनाकर करेंगे प्रचार-प्रसार

सहायक जिला परिवहन अधिकारी एवं सहायक परिवहन आयुक्त हरेंद्र वीर ने भी योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित पक्षों से आपसी समन्वय के साथ काम करने और वाहन स्वामियों को उपलब्ध प्रोत्साहनों व निर्धारित शर्तों की स्पष्ट जानकारी देने की अपील की।

यह भी पढ़ें- नया गुरुग्राम जाम ही जाम, टू-वे के ट्रायल से मची हाहाकार; प्रदर्शन की तैयारी में भड़के लोग

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में फाइनेंस कंपनी कार्यालय में चोरी, लॉकर तोड़कर मोबाइल और दस्तावेज ले गए चोर