गुरुग्राम में पीपीपी मोड पर शुरू होंगे 30 अर्बन आरोग्य मंदिर, 600 बेड वाले अस्पताल को भी मंजूरी
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने घोषणा की कि गुरुग्राम में 30 अर्बन आरोग्य मंदिर पीपीपी मोड पर शुरू किए ...और पढ़ें

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव सम्मान समारोह में।
HighLights
गुरुग्राम में 30 अर्बन आरोग्य मंदिर पीपीपी मोड पर।
नया 600 बेड का सिविल अस्पताल जल्द बनेगा।
मोहल्ला क्लीनिक की तर्ज पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि गुरुग्राम में 30 अर्बन आरोग्य मंदिर शुरू करने की योजना पर सरकार काम कर रही है। सभी पीपी मोड पर संचालित किया जाएगा। उद्देश्य मोहल्ला क्लीनिक की तर्ज पर लोगों को उनके नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। यहां आमजन डॉक्टर से परामर्श, प्राथमिक उपचार और आवश्यक दवाइयों की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे।
बृहस्पतिवार को गुड़गांव के विधायक व हरियाणा ओलिंपिक संघ के उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा द्वारा सेक्टर-21 में आयोजित सम्मान समारोह में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि गुरुग्राम के नए सिविल अस्पताल की फाइल अंतिम चरण में है। बहुत जल्द इसे मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
लगभग 600 बेड क्षमता के हिसाब से विकसित करने की योजना
मंजूरी मिलते ही अस्पताल का शिलान्यास किया जाएगा और निर्माण कार्य तेजी से शुरू कराया जाएगा। नए सिविल अस्पताल को लगभग 600 बेड क्षमता के हिसाब से विकसित करने की योजना है। शुरुआती चरण में 400 बेड की सुविधा तैयार की जाएगी। भविष्य में इसे बढ़ाकर 600 बेड तक विस्तारित किया जाएगा।
स्वास्थ्य संबंधी मांगों को स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष विस्तार से रखा
इससे पहले विधायक मुकेश शर्मा ने गुरुग्राम की प्रमुख स्वास्थ्य संबंधी मांगों को स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष विस्तार से रखा। इनमें गुरुग्राम के सिविल अस्पताल के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करना, शहर में 30 आरोग्य मंदिर स्थापित करना तथा वजीराबाद में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के निर्माण कार्य को जल्द प्रारंभ करना प्रमुख रूप से शामिल था। स्वास्थ्य मंत्री ने सभी मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित परियोजनाओं को शीघ्र गति देने का आश्वासन दिया।
आठ नए सब-सेंटर स्थापित किए जाएंगे
मंत्री ने कहा कि गुरुग्राम में सिविल अस्पताल के अतिरिक्त दो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), चार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) तथा आठ नए सब-सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इस मौके पर पटौदी विधायक बिमला चौधरी जी, नगर निगम गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा, नगर निगम मानेसर की मेयर डा. इंद्रजीत यादव एवं वरिष्ठ भाजपा नेता उद्योगपति बोधराज सीकरी आदि मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।