गुरुग्राम में MNC में काम करनेवाली युवती ने पांचवीं मंजिल से कूदकर दी जान, पति पर प्रताड़ना का आरोप
गुरुग्राम में एक 33 वर्षीय एमएनसी महिला कर्मचारी ने पांचवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। परिजनों ने पति और ...और पढ़ें

गुरुग्राम की एमएनसी में काम करनेवाली युवती ने दी जान।
HighLights
33 वर्षीय एमएनसी कर्मी ने पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या की।
पति और ससुराल पक्ष पर मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना का आरोप।
पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। सेक्टर-51 स्थित एमएनसी कंपनी में कार्यरत 33 वर्षीय महिला कर्मी ने पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद वर्ल्ड मार्क माल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर सेक्टर-65 थाना पुलिस और फारेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
महिला की पहचान मूल रूप से देहरादून के सहसपुर निवासी जागृति बारी के रूप में हुई है। वह कंपनी में सीनियर अकाउंट एग्जीक्यूटिव के तौर पर करीब 12 लाख रुपये के वार्षिक पैकेज पर कार्यरत थी। पुलिस जांच में सामने आया कि उसने नवंबर 2023 में मेरठ के बृह्मपुरी निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट अमित सिंघल से प्रेम विवाह किया था।
शादी के बाद से दोनों के बीच लगातार विवाद चल रहा था। स्वजन ने पति और ससुराल पक्ष पर मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने स्वजन की शिकायत पर मामला दर्ज करके पति के गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
भाई की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया
मृतका के भाई हार्दिक बारी ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि अमित सिंघल जागृति की पूरी सैलरी अपने पास रखता था और उसे खर्च के लिए भी पैसे नहीं देता था। छोटी-छोटी बातों पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। बहन के अनुसार जागृति कई बार अपने शरीर पर चोट के निशान दिखाते हुए फोटो भी भेजती थी। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि मृतका के भाई की शिकायत पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
कॉर्पोरेट नौकरी के पीछे छिपा तनाव
जागृति बारी की जिंदगी बाहर से बेहद सफल दिखाई देती थी। नामी कंपनी में अच्छी नौकरी, लाखों का पैकेज और प्रोफेशनल पहचान, लेकिन निजी जिंदगी में वह लगातार तनाव से गुजर रही थी। भाई हार्दिक बारी के अनुसार अमित जागृति की पूरी सैलरी अपने नियंत्रण में रखता था। उसे अपनी जरूरतों के लिए भी पैसे मांगने पड़ते थे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
रोज 400 किलोमीटर का सफर, फिर भी नहीं छोड़ी नौकरी
प्रेम विवाह के बाद जागृति ने अपना करियर जारी रखा। वह मेरठ से रोजाना गुरुग्राम आकर ड्यूटी करती थी। करीब 400 किलोमीटर के अप-डाउन के बावजूद उसने नौकरी नहीं छोड़ी। स्वजन का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष का व्यवहार बदल गया था। जागृति मानसिक तनाव में रहने लगी थी। उसने कई बार चोट के निशान की तस्वीरें परिवार को भेजीं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।