विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नंबर प्लेट पर टेप लगाकर 6 को 8 बनाया, गुरुग्राम के युवक ने दूसरे के नाम कटवाए 16 चालान

Published: Fri, 27 Nov 2026 01:33 PM (GMT+05:30)

गुरुग्राम में एक व्यक्ति ने हेलमेट चालान से बचने के लिए अपनी स्प्लेंडर बाइक की नंबर प्लेट पर टेप लगाकर नंबर बदला। 

आरोपित युवक के पास मिली स्प्लेंडर बाइक की तस्वीर। जागरण

आरोपित युवक के पास मिली स्प्लेंडर बाइक की तस्वीर। जागरण

HighLights

  1. युवक ने हेलमेट चालान से बचने को नंबर प्लेट बदली।

  2. गलत नंबर के कारण दूसरे बाइक मालिक को 16 चालान।

  3. पुलिस ने नंबर प्लेट बदलने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। हेलमेट पहनने से बचने के लिए एक युवक ने ऐसा जुगाड़ लगाया कि चालान ही दूसरे के घर पहुंचने लगा। उसने अपनी स्प्लेंडर की नंबर प्लेट पर काले टेप से 6 को 8 बना दिया।

कैमरा उसी बदले हुए नंबर को पढ़ता रहा और चालान असली नंबर वाले प्लैटिना मालिक के पास पहुंचता रहा। चार महीने में 16 चालान और 16 हजार रुपये का जुर्माना देखकर पीड़ित के होश उड़ गए, तब जाकर यह टेप वाला खेल पकड़ा गया।

जुलाई में आया था पहला चालान

पीड़ित दीपक साहू सेक्टर-33 के रहने वाले हैं। इनके पास प्लैटिना बाइक है, जिसका नंबर HR98R6682 है। इनके पास पहला चालान ऑनलाइन तरीके से जुलाई में आया था। तब पीड़ित ने ट्रैफिक पुलिस से इसकी शिकायत की थी। इसके बाद भी लगातार चालान कटते रहे। सभी चालान बिना हेलमेट के थे।

अंतिम चालान 22 नवंबर को फिर कटा तो पीड़ित फिर से ट्रैफिक पुलिस कार्यालय पहुंचा। जांच में पाया गया कि जुलाई से नवंबर तक 16 बार बिना हेलमेट के चालान हुए। इस पर 16 हजार रुपये की जुर्माना राशि लगी थी। पीड़ित ने कहा कि वह तो हेलमेट पहनकर ही चलता है, फिर उसके नाम पर चालान क्यों कट रहे हैं।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त यातायात ने एसटीयू टीम को तत्काल कार्रवाई कर मामले का पर्दाफाश करने के निर्देश दिए। जांच में सामने आया कि स्प्लेंडर मोटरसाइकिल का वास्तविक पंजीकरण नंबर HR98R6662 था, लेकिन चालक ने नंबर प्लेट पर टेप लगाकर उसके अंकों में बदलाव कर दिया था और उसे HR98R6682 के रूप में प्रदर्शित कर दिया। यह नंबर प्लैटिना मोटरसाइकिल के पंजीकरण का है।

यातायात पुलिस की कार्रवाई में पकड़ा गया चोर

इस हेराफेरी के चलते स्प्लेंडर मोटरसाइकिल द्वारा किए गए यातायात नियमों के उल्लंघन के चालान दूसरे वाहन यानी प्लैटिना के वास्तविक मालिक को प्राप्त हो रहे थे। यातायात पुलिस ने झाड़सा चौकी पुलिस के साथ मिलकर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की।

पकड़े गए आरोपित की पहचान झाड़सा गांव निवासी अमित सैनी के रूप में की गई। आरोपित अमित सैनी ने बिना हेलमेट बाइक चलाने के लिए नंबर प्लेट से छेड़छाड़ की थी। इसका घर झाड़सा गांव में है। इसके चालान घर के पास ही सेक्टर-39 रेड लाइट के पास कटे थे। आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में पकड़े गए संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक, गृह मंत्रालय को भेजी जाएगी रिपोर्ट

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में 14 साल बाद भी नहीं मिले प्लॉट, वटिका ग्रुप के प्रमोटरों के फाॅर्म हाउस समेत 545.96 करोड़ की संपत्ति ED ने की कुर्क

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।