विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में ग्रेप-3 की नियमों की अनदेखी करना पड़ा भारी, अवैध निर्माण की वजह से 25 संपत्तियों पर लगा 50 हजार का जुर्माना 

Published: Mon, 23 Nov 2026 11:18 PM (IST)

गुरुग्राम में ग्रेप-3 प्रतिबंधों के बावजूद निर्माण कार्य जारी रखने पर टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने कार्रवाई की है।   

गुरुग्राम में ग्रेप-3 की नियमों की अनदेखी करना पड़ा भारी (एआई जेनरेटेड इमेज)

गुरुग्राम में ग्रेप-3 की नियमों की अनदेखी करना पड़ा भारी (एआई जेनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. ग्रेप-3 प्रतिबंधों के बावजूद गुरुग्राम में निर्माण कार्य जारी।

  2. 25 संपत्तियों को क्लोजर नोटिस, 50 हजार जुर्माना।

  3. टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने की कार्रवाई।

आदित्य राज, गुरुग्राम। ग्रेप-3 के तहत निर्माण कार्यों पर लगी रोक के बावजूद निर्माण गतिविधियां जारी रखने पर टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने कार्रवाई की है। विभाग की ओर से सुशांत लोक-1 और सनसिटी कॉलोनी की 25 संपत्तियों को क्लोजर नोटिस जारी किए गए हैं।

नोटिस में संपत्ति मालिकों को तुरंत निर्माण कार्य बंद करने और 50 हजार रुपये का पर्यावरण जुर्माना जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने ये नोटिस वायु (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम, 1981 की धारा 31-ए के तहत जारी किए हैं।

कुछ संपत्तियों का हो रहा निर्माण..

अधिकारियों के अनुसार, विभाग की टीम ने मौके पर निरीक्षण के दौरान पाया कि ग्रेप-3 की पाबंदियां लागू होने के बावजूद कुछ संपत्तियों पर निर्माण कार्य किया जा रहा था। इसके बाद संबंधित संपत्ति मालिकों को नोटिस जारी किए गए।

नोटिस में कहा गया है कि वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) की ओर से ग्रेप-3 के तहत निर्माण गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाए गए थे। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रखना नियमों का उल्लंघन है।

विभाग ने संपत्ति मालिकों को पांच दिन के भीतर हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पास 50 हजार रुपये का जुर्माना जमा कराने और इसकी रसीद प्रवर्तन कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए हैं।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई..

विभाग ने चेतावनी दी है कि अगर संपत्ति मालिक निर्धारित समय में निर्देशों का पालन नहीं करते हैं, तो उनके विरुद्ध आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इसमें संपत्ति की कैप्टिव बिजली आपूर्ति काटने जैसी कार्रवाई भी शामिल हो सकती है। नोटिस में यह भी कहा गया है कि समय पर जवाब या अनुपालन नहीं करने की स्थिति में इसे उल्लंघन स्वीकार करना माना जा सकता है और बिना दूसरा नोटिस दिए कानूनी कार्रवाई शुरू की जा सकती है।

इसके अलावा, विभाग ने अपनी प्लानिंग शाखा को निर्देश दिए हैं कि जिन संपत्तियों का ओक्यूपेशन सर्टिफिकेट (ओसी) अभी जारी नहीं हुआ है, उन्हें प्रमाणपत्र देने से पहले 50 हजार रुपये का जुर्माना जमा होना सुनिश्चित किया जाए। नोटिस की प्रतियां हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय को भी भेजी गई हैं।

यह भी पढ़ें- हरियाणा में पंचायतों-ब्लॉक समितियों के खातों से 4.53 करोड़ रुपये गायब, जांच के आदेश

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।