विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में पंचायतों-ब्लॉक समितियों के खातों से 4.53 करोड़ रुपये गायब, जांच के आदेश

Published: Mon, 23 Nov 2026 11:05 PM (IST)

हरियाणा के छह जिलों की ग्राम पंचायतों, ब्लॉक समितियों और जिला परिषदों के पीएनबी खातों से 4.53 करोड़ रुपये गायब हो गए हैं।

हरियाणा में पंचायतों, ब्लॉक समितियों के खातों से 4.53 करोड़ रुपये गायब। एआई जेनरेटेड तस्वीर।

हरियाणा में पंचायतों, ब्लॉक समितियों के खातों से 4.53 करोड़ रुपये गायब। एआई जेनरेटेड तस्वीर।

HighLights

  1. हरियाणा के छह जिलों के खातों से 4.53 करोड़ रुपये गायब।

  2. पीएनबी खातों से बिना ओटीपी, मैसेज के हुई निकासी।

  3. साइबर क्राइम पुलिस को शिकायत, पंचायती राज विभाग ने मांगी रिपोर्ट।

जागरण संवाददाता, पानीपत/फतेहाबाद। प्रदेश के छह जिलों की कई ग्राम पंचायतों, ब्लॉक समितियों और जिला परिषदों के खाते से अलग-अलग समय में 4.53 करोड़ रुपये गायब हो गए। संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों और ब्लॉक समिति के अध्यक्षों ने निकासियों की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी है।

इन सभी पंचायतों, ब्लॉक समितियों और जिला परिषदों के खाते पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) में हैं। अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों का कहना है कि खातों से रुपये निकालते वक्त किसी प्रकार का कोई ओटीपी अथवा मैसेज नहीं आया। पानीपत में साइबर क्राइम पुलिस को शिकायत दी गई है। पंचायती राज विभाग ने प्रदेश की जिला परिषदों, पंचायत समितियों और ग्राम पंचायतों से उनके खातों की रिपोर्ट मांगी है।

जानिये, किस जिले में कितने रुपये निकले

पानीपत जिले में 2.91 करोड़ रुपये निकाले गए। यहां के चुलकाना की पंचायत के खाते से 27 लाख रुपये, आट्टा 2.50 लाख रुपये, किवाना के एक लाख रुपये, मनाना से 19.90 लाख, जौरासी पंचायत से 50 हजार, बिहौली ग्राम पंचायत नौ लाख 80 हजार, गढ़ी बेसक ग्राम पंचायत के खाते से पांच पांच लाख, धनसौली ग्राम पंचायत के खाते 9.90 लाख, अधमी के खाते से नौ लाख रुपये गायब हुए।

इसराना ब्लॉक समिति के खाते से 1.21 करोड़ रुपये और समालखा ब्लॉक समिति के खाते 56.50 लाख गायब हुए। खातों से 14-15 नवंबर को सात ट्रांजेक्शन से 74.70 लाख रुपये बिना दो अफसरों के डिजिटल सिग्नेचर (डोंगल) के निकाल लिये गए थे। इसमें फतेहाबाद के भट्टू कलां खंड की मेहुवाला ग्राम पंचायत के खाते से भी 10 लाख रुपये निकले थे।

इसके अलावा फरीदाबाद जिप से 9.90 लाख, ग्राम पंचायत निगदू (नीलोखेड़ी) से 10 लाख, पंचायत समिति साहा (अंबाला) से 9.90 लाख, पंचायत समिति महम (रोहतक) से 10 लाख, पंचायत समिति बल्लभगढ़ (फरीदाबाद) से 9.90 लाख निकल चुके हैं। पानीपत के लीड बैंक मैनेजर जितेंद्र कुमार सिंह से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया और न ही वॉट्सऐप पर भेजे मैसेज का जवाब दिया।

यह बोले सरपंच और ब्लॉक समिति अध्यक्ष

पानीपत के गांव गढ़ी बेसक के सरपंच रफाकत ने दैनिक जागरण को बताया कि पंचायत के खाते से पांच लाख रुपये गायब हुए हैं। गांव धनसौली के सरपंच प्रतिनिधि हरविंद्र सिंह के कहना हैं कि उनकी पंचायत के खाते से रुपये निकाले गए हैं। चुलकाना के सरपंच सतीश के कहना हैं कि उनकी पंचायत के अकाउंट में सेंध लगी है।

उनके पास कोई ओटीपी तक नहीं आया। गांव आट्टा के सरपंच दिलबाग, किवाना के सरपंच चैनपाल, मनाना गांव के सरपंच प्रतिनिधि प्रवीन गौतम, बिहौली के ग्राम सचिव प्रवीन, समालखा के ब्लॉक समिति के चेयरमैन अंकुश चौपड़ा ने रुपये निकलने की पुष्टि की है। पुलिस को शिकायत भी दी गई है। इसराना ब्लॉक समिति के चेयरमैन हरपाल मलिक का कहना है कि पीएनबी बैंक के खाते से रुपये निकाले गए हैं।

फतेहाबाद में छह दिन में 14 बार निकली रकम

फतेहाबाद जिला परिषद के पीएनबी खाते से छह दिनों के दौरान 87.48 लाख रुपये निकाल लिये गए। 10 से 15 नवंबर के बीच रकम 14 अलग-अलग ट्रांजेक्शन से एनईएफटी से ट्रांसफर की गई है। सभी खातों के मिलान और सर्वर लोग्स की जांच के बाद यह आंकड़ा बहुत बड़ा हो सकता है।

जिप चेयरपर्सन एडवोकेट सुमन खिचड़ ने खाते से राशि निकलने की पुष्टि की है। अकाउंट से रुपये निकालने का नियम एडवोकेट वैभव देशवाल ने बताया कि ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के भुगतान की एक निर्धारित प्रक्रिया होती है।

किसी विकास कार्य के भुगतान करने के लिए संबंधित ठेकेदार के बिल पंचायत विभाग के पोर्टल पर आनलाइन अपलोड किया जाता है। इसके बाद सचिव की ओर से भुगतान की अंतिम स्वीकृति दी जाती है। पंचायतों के बैंक खाते सामान्य तौर पर सरपंच और सचिव के संयुक्त हस्ताक्षरों से संचालित होते है। भुगतान की प्रक्रिया में ओटीपी का भी प्रविधान होता है।

पूरे मामले की जांच के आदेश विकास एवं पंचायत विभाग के निदेशक सुशील सारवान को दे दिए गए हैं। यह पता लगाया जाएगा कि खातों से रकम किस प्रक्रिया के तहत निकाली गई और इसके लिए कौन जिम्मेदार हैं। कृष्ण लाल पंवार, मंत्री विकास एवं पंचायत तथा खनन एवं भूविज्ञान विभाग।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।