विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में 34 मुख्य सड़कों की बदलेगी सूरत, करोड़ों रुपये की योजना तैयार; लाखों लोगों को मिलेगी राहत

Published: Sun, 22 Mar 2026 06:13 AM (IST)

गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने शहर की 34 मुख्य सड़कों को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए 4.5 करोड़ ...और पढ़ें

गुरुग्राम में 34 मुख्य सड़कों की सूरत बदलेगी। जागरण

गुरुग्राम में 34 मुख्य सड़कों की सूरत बदलेगी। जागरण

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सहयोगी, नया गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने 34 मुख्य सड़कों के व्यापक सुधार की योजना तैयार की है।

इस परियोजना पर करीब साढ़े चार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिसके तहत सड़कों पर आधुनिक सुरक्षा उपकरण लगाए जाएंगे और बुनियादी ढांचे को दुरुस्त किया जाएगा।

सड़क सुरक्षा से जुड़े जरूरी उपकरण लगाए जाएंगे

जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता अमित गोदारा के अनुसार, सेक्टर-24 से सेक्टर-57 तक की मुख्य सड़कों को इस योजना में शामिल किया गया है। इन सड़कों पर फुटपाथों की मरम्मत, डिवाइडरों का सुधार और सड़क सुरक्षा से जुड़े जरूरी उपकरण लगाए जाएंगे, ताकि वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को सुरक्षित व बेहतर अनुभव मिल सके।

उन्होंने बताया कि परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है और अगले डेढ़ महीने में आवंटन पूरा कर काम शुरू कर दिया जाएगा। विभाग का लक्ष्य है कि अगले छह महीनों में इन सड़कों की स्थिति में स्पष्ट सुधार नजर आए।

इसके अलावा सेक्टर-3 और सेक्टर-5 को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की सर्विस रोड की भी मरम्मत की जाएगी। वर्तमान में इसकी स्थिति खराब होने से स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम: DTPE ने ओरिस को जारी किया नोटिस, स्वीकृत नक्शे से हटकर पिलर-टिन शेड बनाने के निर्देश

अधिकारियों के मुताबिक, भविष्य में इस मार्ग पर ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के संचालन की योजना है, जिससे सर्विस रोड पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ेगा। इसी को ध्यान में रखते हुए जीएमडीए ने मरम्मत कार्य के लिए टेंडर जारी कर दिया है। टेंडर आवंटन के एक वर्ष के भीतर सर्विस रोड को पूरी तरह दुरुस्त कर दिया जाएगा।