विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में 1,075 करोड़ डकार गया बिल्डर, 19 साल से भटक रहे 4,771 खरीदार; ED ने दाखिल की चार्जशीट

Published: Thu, 12 Nov 2026 09:12 PM (IST)

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एडीईएल लैंडमार्क्स, उसके पूर्व निदेशकों और 41 अन्य के खिलाफ ₹1,075 करोड़ की धोखाधड़ी के मामले में आरोपपत्र दाखिल किया है।

ईडी ने बिल्डर के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की। फोटो: आर्काइव

ईडी ने बिल्डर के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. ईडी ने एडीईएल लैंडमार्क्स के 41 आरोपियों पर आरोपपत्र दाखिल किया।

  2. ₹1,075 करोड़ की धोखाधड़ी में 4,771 खरीदार प्रभावित हुए।

  3. धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई, संपत्तियां कुर्क।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। घर का सपना दिखाकर हजारों खरीदारों से करोड़ों रुपये जुटाने और उन्हें वर्षों तक फ्लैट नहीं देने के मामले में एडीईएल लैंडमार्क्स की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के गुरुग्राम जोनल कार्यालय ने करीब 1,075 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में कंपनी, उसके तत्कालीन निदेशकों और अन्य लोगों समेत 41 आरोपियों के विरुद्ध विशेष पीएमएलए अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया है।

मामले में 4,771 खरीदारों को अब तक उनके बुक किए गए फ्लैट, प्लाट और अन्य यूनिट नहीं मिल पाए हैं।

41 आरोपियों के विरुद्ध आरोपपत्र दाखिल

ईडी के अनुसार, आरोपपत्र में कंपनी के साथ उसके तत्कालीन निदेशक हेम सिंह भड़ाना और सुमित भड़ाना के नाम भी शामिल हैं। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत की गई है।

आरोपपत्र दाखिल होने के बाद विशेष अदालत ने तीन नवंबर को सभी आरोपियों और संस्थाओं को नोटिस जारी किए थे। ईडी की जांच हरियाणा और दिल्ली पुलिस की ओर से दर्ज 74 एफआईआर और दाखिल आरोपपत्रों के आधार पर शुरू हुई थी।

जांच में सामने आया कि कंपनी ने वर्ष 2006 से 2012 के बीच गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल में कई आवासीय परियोजनाएं शुरू की थीं। इनमें काॅस्मोकोर्ट, काॅस्मोसिटी-एल, काॅस्मोसिटी-तीन, स्काईविल, रेडवुड रेजिडेंसी, एरा ग्रीन वर्ल्ड, एरा डिवाइन कोर्ट और एडीईएल डिवाइन कोर्ट शामिल हैं।

इन परियोजनाओं के लिए 4,771 ग्राहकों से 1,075 करोड़ रुपये से अधिक की बुकिंग राशि जुटाई गई थी। इसके बावजूद परियोजनाएं पूरी नहीं हुईं और खरीदारों को 12 से 19 साल बाद भी कब्जा नहीं मिला।

जमीन खरीद के नाम पर दूसरी कंपनियों में भेजी रकम

ईडी की जांच में आरोप है कि फ्लैट निर्माण पर खरीदारों की रकम खर्च करने के बजाय तत्कालीन निदेशकों और प्रमोटरों ने बड़ी राशि अपनी समूह कंपनियों में जमीन खरीदने के अग्रिम भुगतान और अन्य उद्देश्यों के लिए स्थानांतरित कर दी।

इससे परियोजनाएं अधूरी रह गईं। इससे पहले ईडी आरोपित कंपनी और संबंधित संस्थाओं की हरियाणा तथा उत्तर प्रदेश में स्थित करीब 340 एकड़ जमीन और भूखंड अटैच कर चुकी है।

इनकी अनुमानित कीमत 585.46 करोड़ रुपये है। अब ईडी ने इन संपत्तियों को अपराध से अर्जित संपत्ति बताते हुए अदालत से जब्त करने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- बारिश में नहीं थमेगी गुरुग्राम की रफ्तार, 31 दिसंबर तक बनेगा फ्लड मैनेजमेंट प्लान; अपनाएंगे हैदराबाद मॉडल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।